सेंट्रल स्टेशन पर बनेगा होल्डिंग एरिया, भीड़ प्रबंधन को मिलेगी मजबूती
रेलवे अधिकारियों ने किया संयुक्त निरीक्षण, स्टेशन पुनर्विकास योजना को मिलेगी गति
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। देश के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल कानपुर सेंट्रल पर यात्रियों की बढ़ती संख्या और भीड़ प्रबंधन को देखते हुए छावनी की ओर प्रस्तावित होल्डिंग एरिया के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। बुधवार को रेलवे अधिकारियों और रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) की टीम ने प्रस्तावित स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर विकास कार्यों की रूपरेखा पर चर्चा की।
मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में उप मुख्य यातायात प्रबंधक कानपुर अकांशु गोविल ने अधिकारियों के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान आरएलडीए के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार कानपुर सेंट्रल स्टेशन को स्टेशन रिडेवलपमेंट योजना के तहत आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं, धार्मिक आयोजनों, त्योहारों और विशेष अवसरों पर स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में एक सुव्यवस्थित होल्डिंग एरिया विकसित किए जाने से यात्रियों की आवाजाही को बेहतर ढंग से नियंत्रित किया जा सकेगा। प्रस्तावित होल्डिंग एरिया के निर्माण से प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में अनावश्यक भीड़भाड़ कम होगी।
साथ ही यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं में वृद्धि होगी तथा किसी भी अप्रिय अथवा आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने में रेलवे प्रशासन को मदद मिलेगी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थल की भौगोलिक स्थिति, यात्री सुविधाओं और आवश्यक विकास कार्यों का विस्तृत आकलन किया। इस अवसर पर उप महाप्रबंधक आरएलडीए राकेश गुप्ता, सहायक वाणिज्य प्रबंधक पवन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि स्टेशन पुनर्विकास योजना के तहत प्रस्तावित यह होल्डिंग एरिया भविष्य में कानपुर सेंट्रल पर भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं को नई दिशा देगा।




Post a Comment