साइकिल रैली से दिया पर्यावरण बचाने का संदेश, प्राणी उद्यान में हुआ पौधरोपण
(Today crime news)
(अश्वनी कुमार ए.पी)
उत्तर प्रदेश कानपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को गौ-गौरैया संरक्षण समिति की ओर से प्राणी उद्यान में पर्यावरण संरक्षण को लेकर साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली को प्राणी उद्यान के निदेशक कन्हैया पटेल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान प्राणी उद्यान प्रशासन के साथ मिलकर पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। संस्था के अध्यक्ष मनीष पाण्डेय ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित साइकिल रैली में प्रतिभागियों ने साइकिलों पर पर्यावरण जागरूकता से जुड़े स्लोगन वाले बैनर लगाए। रैली में पेट्रोलियम कम खपाएं, पर्यावरण बचाएं, पौधे लगाएं, वृक्ष बनाएं, पशु-पक्षी बचाएं, पर्यावरण बचाएं, साइकिल चलाएं, प्रदूषण घटाएं, जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने प्राणी उद्यान परिसर का भ्रमण करते हुए वहां मौजूद हजारों दर्शकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसी क्रम में प्राणी उद्यान प्रशासन के सहयोग से गुलमोहर और अमलतास के पौधों का रोपण भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में समिति की ओर से प्राणी उद्यान के निदेशक कन्हैया पटेल और रेंजर फिरोज खान को गौरैया संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गौरैया घोंसले भेंट किए गए। इस मौके पर रजनीश द्विवेदी, पूर्व रेंजर नावेद इकराम, आशीष, सिद्धार्थ, संकल्प मिश्रा सहित प्राणी उद्यान के कर्मचारी और संस्था के सदस्य मौजूद रहे।




Post a Comment