न्यू कानपुर सिटी परियोजना ने पकड़ी रफ्तार, 19 किसानों से खरीदी गई 1.7 हेक्टेयर जमीन
(Today crime news)
(अश्वनी कुमार ए.पी)
उत्तर प्रदेश कानपुर। न्यू कानपुर सिटी परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाते हुए कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने शुक्रवार को 19 काश्तकारों से लगभग 1.7 हेक्टेयर भूमि क्रय कर ली। इसके एवज में किसानों को सर्किल रेट के चार गुना मूल्य पर कुल 4.31 करोड़ रुपये की धनराशि डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से वितरित की गई। केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक और सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में भूमि बैंक अनुभाग एवं न्यू कानपुर सिटी परियोजना के नोडल अधिकारी/उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह की देखरेख में यह प्रक्रिया पूरी कराई गई। जिन किसानों से भूमि खरीदी गई उनमें कैलाश कुमार, अशोक कुमार, नीरज शुक्ला, संदीप शुक्ला, राम किशोरी, विजय कुमार शुक्ला, राम सुमिरन, विनोद कुमार, सुरेश कुमार सहित अन्य काश्तकार शामिल रहे। प्राधिकरण के मुताबिक, आपसी सहमति के आधार पर अगले चरण में 21 काश्तकारों से करीब 2.1 हेक्टेयर भूमि खरीदने की तैयारी भी पूरी कर ली गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8.62 करोड़ रुपये बताई जा रही है। संबंधित सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद बैनामे की कार्रवाई शुरू होगी। वहीं, न्यू कानपुर सिटी परियोजना के लिए समानांतर रूप से लगभग 55 हेक्टेयर भूमि अर्जन की प्रक्रिया भी जारी है। इसके लिए शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई प्रगतिशील बताई गई है। भूमि क्रय प्रक्रिया के दौरान प्राधिकरण अधिवक्ता धीरज सैनी, अखिल, लिपिक चन्द्रपाल सिंह, अमीन प्रदीप कुमार और तहसीलदार रामनाथ समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



Post a Comment