शहर की समस्याओं पर नगर निगम में गरजे विधायक अमिताभ बाजपेई, नगर आयुक्त से मांगा समयबद्ध समाधान

शहर की समस्याओं पर नगर निगम में गरजे विधायक अमिताभ बाजपेई, नगर आयुक्त से मांगा समयबद्ध समाधान

(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र समेत पूरे शहर में व्याप्त जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी के विधायक अमिताभ बाजपेई ने नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर नगर आयुक्त से मुलाकात की और विभिन्न नागरिक समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण की मांग उठाई। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था, पेयजल, सीवर, स्ट्रीट लाइट, पार्कों के रखरखाव, आवारा कुत्तों की समस्या तथा विकास कार्यों में पारदर्शिता जैसे मुद्दों को प्रमुखता से रखा। विधायक अमिताभ बाजपेई ने कहा कि शहर के कई क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था और कूड़ा निस्तारण की स्थिति संतोषजनक नहीं है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने वार्डों में सफाई कर्मचारियों और कूड़ा वाहनों की संख्या बढ़ाने, खुले कूड़ाघरों के आधुनिकीकरण तथा शहर के पुलों और फ्लाईओवरों पर उगे जंगली पेड़-पौधों को हटाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने की मांग की। बैठक में उन्होंने पेयजल संकट, सीवर लाइन की समस्याओं और स्ट्रीट लाइटों की कमी का मुद्दा भी उठाया।


उन्होंने नए हैंडपंप, रीबोर और सबमर्सिबल पंपों की स्थापना कर पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही आगामी श्री जगन्नाथ यात्रा सहित अन्य धार्मिक आयोजनों को देखते हुए यात्रा मार्गों की तत्काल मरम्मत और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। विधायक ने सी.एम. ग्रिड रोड परियोजना में सामने आ रही अव्यवस्थाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान पेयजल, सीवर और विद्युत लाइनों को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने परियोजना की प्रभावी मॉनिटरिंग तथा विकास कार्यों की स्वीकृति, टेंडर और वर्क ऑर्डर जारी करने की प्रक्रिया को समयबद्ध बनाए जाने की आवश्यकता बताई। इसके अलावा फूलबाग फल मंडी अग्निकांड से प्रभावित दुकानदारों के पुनर्वास, घंटाघर चौराहे के सौंदर्यीकरण, चुन्नीगंज कन्वेंशन सेंटर के संचालन, डॉट नालों के सुदृढ़ीकरण, पार्किंग व्यवस्था और जर्जर भवनों को ध्वस्त कराने जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। विधायक ने नगर निगम की योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, शासनादेश के अनुरूप शिलापट्टों के सत्यापन तथा विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित किए जाने की मांग भी उठाई। नगर आयुक्त ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। बैठक में पार्षदों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js