दलित परिवार ने निजी भूमि पर अवैध हस्तक्षेप का लगाया आरोप, सीवर लाइन निर्माण रोकने की मांग

दलित परिवार ने निजी भूमि पर अवैध हस्तक्षेप का लगाया आरोप, सीवर लाइन निर्माण रोकने की मांग


(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। हर्ष नगर निवासी पवन कुमार कुरील ने अपनी पैतृक एवं निजी संपत्ति पर अवैध हस्तक्षेप और कब्जे के प्रयास का आरोप लगाते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनकी भूमि, जिस पर परिवार का लगभग 100 वर्षों से स्वामित्व और कब्जा है, के भीतर सीवर लाइन डालने के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू की गई है, जबकि भूमि का न तो अधिग्रहण किया गया है और न ही कोई मुआवजा दिया गया है। पवन कुमार के अनुसार, इस संपत्ति से संबंधित मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने वर्ष 1988 में राज्य सरकार द्वारा की गई मलिन बस्ती घोषणा एवं अधिग्रहण प्रक्रिया को निरस्त कर दिया था। बाद में सुप्रीम कोर्ट ने भी हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखा। इसके अलावा दिसंबर 2025 में अतिरिक्त जिला न्यायाधीश (फास्ट ट्रैक कोर्ट), कानपुर नगर ने भी संपत्ति पर उनके अधिकारों को मान्यता दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड-37 के पार्षद पवन गुप्ता और उनके सहयोगी मामले में हस्तक्षेप कर रहे हैं। उनका कहना है कि 20 जून को कुछ लोगों के उनके परिसर में पहुंचने से परिवार में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। उन्होंने आशंका जताई कि उनकी भूमि पर दबाव बनाकर कब्जा कराने का प्रयास किया जा सकता है। पवन कुमार ने यह भी कहा कि एक ओर नगर निगम भूमि को सरकारी बता रहा है, जबकि दूसरी ओर उसी संपत्ति से गृहकर व अन्य करों की वसूली की जा रही है। उन्होंने सीवर लाइन निर्माण पर तत्काल रोक, निष्पक्ष जांच, न्यायालयों के आदेशों का पालन और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js