चार साल से मेट्रो निर्माण, सड़क बनी मौत का रास्ता: पार्षद ने दी आंदोलन की चेतावनी

चार साल से मेट्रो निर्माण, सड़क बनी मौत का रास्ता: पार्षद ने दी आंदोलन की चेतावनी 

जूही -हमीरपुर रोड पर गड्ढे, जलभराव और पाइप लाइन लीकेज से जनता बेहाल; 24 घंटे में समाधान नहीं तो मेट्रो कार्यालय घेरने का ऐलान

(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। विकास के दावों के बीच जूही -हमीरपुर रोड की बदहाली अब सरकारी लापरवाही की मिसाल बनती जा रही है। पिछले चार वर्षों से चल रहे मेट्रो निर्माण कार्य ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का जीवन मुश्किल बना दिया है। सड़क की हालत ऐसी हो चुकी है कि यह राहगीरों के लिए सुविधा नहीं, बल्कि खतरे का पर्याय बन गई है।

 वार्ड-14 सब्जी मंडी, किदवई नगर की महिला पार्षद शालू कनौजिया ने उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए 24 घंटे के भीतर समस्या के समाधान की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारी और क्षेत्रीय नागरिक मेट्रो कार्यालय का घेराव कर उग्र प्रदर्शन करेंगे।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि जुही नहरिया से स्वदेशी कॉटन मिल तक सड़क बीते तीन वर्षों से गड्ढों में तब्दील है। बरसात के दिनों में सड़क तालाब का रूप ले लेती है, जबकि मेट्रो निर्माण के दौरान डाली गई पाइप लाइन में लीकेज के कारण हालात और बदतर हो गए हैं। सड़क पर लगातार जलभराव रहने से आए दिन लोग फिसलकर घायल हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठा है। पार्षद का कहना है कि इस मुद्दे को लेकर पूर्व पार्षद सुनील कनौजिया और स्थानीय व्यापारियों द्वारा पहले भी विरोध-प्रदर्शन किया जा चुका है। 9 जून को भी मेट्रो अधिकारियों को पत्र भेजकर समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन नतीजा सिफर रहा। इससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। 

पार्षद शालू कनौजिया ने साफ शब्दों में कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर सड़क मरम्मत, पाइप लाइन लीकेज और जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो क्षेत्रीय लोग टूटी सड़क का मलबा और गंदा पानी लेकर मेट्रो कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। क्षेत्रवासियों का कहना है कि करोड़ों रुपये की परियोजना के बावजूद यदि जनता को सुरक्षित सड़क और बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रहीं, तो विकास के दावे केवल कागजों तक सीमित नजर आते हैं।

👇🏻👇🏻

मैने मेट्रो मुख्य अधिकारी को ज्ञापन देना चाहा तो उन्होंने लेने मना कर दिया, मुझसे कहा कि मेरे चपरासी को दे दो मैने दे दिया है अगर दो दिन में समस्या का निस्तारण नहीं हुआ तो क्षेत्र में फैली गंदगियों को लेकर मेट्रो दफ्तर पहुंचकर प्रदर्शन करूंगी। 

(शालू कनौजिया वार्ड 14 पार्षद)

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js