जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग तेज

जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग तेज


(Today crime news)

नई दिल्ली। विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और नीट-यूजी पेपर लीक के विरोध में शनिवार को राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में युवा, छात्र और अभिभावक जुटे। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई गई। प्रदर्शन का नेतृत्व 30 वर्षीय अभिजीत दिपके कर रहे हैं, जो हाल ही में अमेरिका के बोस्टन से भारत लौटे हैं। आंदोलन के दौरान अभिजीत दिपके और उनके समर्थक शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच की मांग करते नजर आए।

बताया जा रहा है कि मई 2026 में युवाओं को लेकर हुई एक विवादित टिप्पणी के बाद अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ अभियान की शुरुआत की थी। देखते ही देखते यह अभियान बेरोजगार युवाओं, छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के बीच चर्चा का विषय बन गया।

इस बीच आंदोलन के बढ़ते प्रभाव के साथ अभिजीत दिपके के परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं सामने आई हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित उनके घर के बाहर पुलिस तैनात की गई है। बताया जा रहा है कि प्रदर्शन से पहले परिवार को सुरक्षा कारणों से अस्थायी रूप से अन्य स्थान पर जाना पड़ा।

अभिजीत दिपके के पिता भगवानराव दिपके, जो एमआईडीसी से सेवानिवृत्त इंजीनियर हैं, ने पहले बेटे को आंदोलन से दूर रहने की सलाह दी थी। वहीं उनकी मां अनीता दिपके ने भी मीडिया से बातचीत में बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। परिवार का कहना है कि उनका जीवन हमेशा शिक्षा और करियर पर केंद्रित रहा है तथा मौजूदा परिस्थितियों ने उन्हें मानसिक रूप से प्रभावित किया है।

जंतर-मंतर पर जारी इस प्रदर्शन ने एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता, युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के मुद्दे को राष्ट्रीय बहस के केंद्र में ला दिया है।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js