प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 55 फ्लैटों का आवंटन शुरू, 13 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत आवास के सपने को साकार करने के लिए कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने उन्नाव स्थित मगरवारा (गोकुलधाम) आवासीय परियोजना में अवशेष 55 फ्लैटों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक एवं पात्र आवेदक 15 जून से 13 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक एवं सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में विशेष कार्याधिकारी एवं उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह द्वारा परियोजना की समीक्षा के बाद आवंटन के लिए शेष फ्लैटों को चिन्हित किया गया। यह आवासीय योजना निजी क्षेत्र की सहभागिता के तहत मेसर्स ट्रेड स्टोन लिमिटेड द्वारा मगरवारा, उन्नाव में विकसित की गई है। योजना के अंतर्गत उपलब्ध फ्लैटों का कार्पेट एरिया 23.12 वर्गमीटर है। प्रत्येक फ्लैट की कुल लागत 6.09 लाख रुपये निर्धारित की गई है, जिसमें केंद्र सरकार की ओर से 1.50 लाख रुपये तथा राज्य सरकार की ओर से 1 लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा। लाभार्थी को मात्र 3.59 लाख रुपये का भुगतान करना होगा। केडीए अधिकारियों के अनुसार आवंटन प्रक्रिया में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग, दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक, विधवा एवं एकल महिला सहित विभिन्न आरक्षित श्रेणियों को प्राथमिकता दी जाएगी। आवेदन के समय 5 हजार रुपये का डिमांड ड्राफ्ट, आधार कार्ड, आय एवं जाति प्रमाण पत्र, बैंक खाता विवरण और अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। पात्रता सत्यापन के बाद आवेदनों को सूडा, लखनऊ भेजा जाएगा, जहां चयनित आवेदकों के बीच लॉटरी के माध्यम से फ्लैटों का आवंटन किया जाएगा। केडीए ने पात्र परिवारों से योजना का लाभ उठाने की अपील की है।


Post a Comment