नाला धंसा तो जागा प्रशासन लक्ष्मीपुरवा में हादसे की आहट के बीच जिम्मेदारों पर सवाल

नाला धंसा तो जागा प्रशासन लक्ष्मीपुरवा में हादसे की आहट के बीच जिम्मेदारों पर सवाल


(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। वर्षों से मरम्मत और रखरखाव की बाट जोह रहे लक्ष्मीपुरवा-खलवा क्षेत्र के प्राचीन नाले ने आखिरकार जवाब दे दिया। नाला धंसने से आसपास के कई मकानों की सुरक्षा पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग अपने घरों की दीवारों व नींव में पड़ रही दरारों को लेकर चिंतित हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि समय-समय पर शिकायतें किए जाने के बावजूद जिम्मेदार विभागों ने स्थिति को गंभीरता से नहीं लिया, जिसका खामियाजा अब क्षेत्रवासियों को भुगतना पड़ रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेई ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने नाले की स्थिति का जायजा लेने के साथ प्रभावित परिवारों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। निरीक्षण के दौरान विधायक ने जलकल विभाग और नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल राहत एवं मरम्मत कार्य शुरू करने, प्रभावित मकानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

विधायक अमिताभ बाजपेई ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि राहत एवं मरम्मत कार्य में देरी से स्थिति और गंभीर हो सकती है।

उधर, नाला धंसने की घटना ने राजनीतिक गलियारों में भी हलचल बढ़ा दी है। आर्यनगर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुरेश अवस्थी भी मौके पर पहुंचे और क्षेत्रीय पार्षद विकास साहू व स्थानीय नागरिकों के साथ प्रभावित स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय रहते जर्जर नालों की मरम्मत और निगरानी की गई होती तो आज लोगों के घरों पर संकट नहीं मंडराता।

निरीक्षण के दौरान मंडल अध्यक्ष रामाशंकर अग्रहरि सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह केवल नाला धंसने की घटना नहीं, बल्कि वर्षों की प्रशासनिक उदासीनता का परिणाम है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जिम्मेदार विभाग त्वरित कार्रवाई कर लोगों को राहत दिलाते हैं या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाता है।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js