पति-पत्नी के विवाद ने ली जान, चाकू से हमले में पति की मौत, पत्नी जेल भेजी गई
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। फीलखाना थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। आरोप है कि घरेलू विवाद के दौरान पत्नी ने पति पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे गंभीर रूप से घायल पति की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। मामले की जांच अभी जारी है।
जानकारी के अनुसार, बालाजी धाम निवासी 45 वर्षीय मनीष गुप्ता का विवाह वर्ष 2017 में निहारिका कश्यप से हुआ था। दंपती का छह वर्षीय पुत्र भी है। परिजनों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच संबंधों में तनाव चल रहा था और दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
परिजनों का आरोप है कि निहारिका का किसी युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच कई बार कहासुनी हुई। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही है।
बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान पत्नी ने धारदार चाकू से पति मनीष पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मनीष को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर फीलखाना पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने के साथ जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों, बयान तथा अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है, वहीं छह वर्षीय मासूम के सिर से पिता का साया उठ जाने से क्षेत्र के लोग भी स्तब्ध है।


Post a Comment