मैट्रो की लापरवाही के खिलाफ फूटा गुस्सा, टूटी सड़क पर 'दूध-फूल आंदोलन', जनता बोली—अब और नहीं

मैट्रो की लापरवाही के खिलाफ फूटा गुस्सा, टूटी सड़क पर 'दूध-फूल आंदोलन', जनता बोली—अब और नहीं


(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। जुही हमीरपुर रोड पर मैट्रो परियोजना के नाम पर दो वर्ष पूर्व खोदी गई सड़क की अब तक मरम्मत न होने से स्थानीय लोगों का सब्र जवाब दे गया। शनिवार को पूर्व पार्षद सुनील कनौजिया के नेतृत्व में व्यापारियों, महिलाओं और क्षेत्रीय नागरिकों ने श्याम पैलेस के निकट जलभराव और बदहाल सड़क पर उतरकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने गंदे पानी में लोटकर अपना रोष व्यक्त किया तथा प्रतीकात्मक रूप से दूध और फूल अर्पित कर मैट्रो प्रशासन की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना की।


प्रदर्शन के दौरान सुनील कनौजिया ने आरोप लगाया कि मैट्रो निर्माण कार्यों ने जुही क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को बुरी तरह प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि गलत तरीके से डाली गई सीवर और पेयजल लाइनों के कारण क्षेत्र में लगातार समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं, जबकि सड़क की दुर्दशा ने स्थानीय व्यापार और आवागमन दोनों को प्रभावित किया है। बरसात शुरू होते ही सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।


उन्होंने जलकल विभाग के महाप्रबंधक से मांग की कि कानपुर सेंट्रल से बारादेवी चौराहे तक किए गए सीवर और पानी की लाइन के डायवर्जन की पुराने अभिलेखों और नक्शों के आधार पर निष्पक्ष जांच कराई जाए। उनका कहना था कि यदि तकनीकी खामियां समय रहते नहीं सुधारी गईं तो भविष्य में गंभीर जलनिकासी और पेयजल संकट खड़ा हो सकता है।


पूर्व पार्षद ने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ तो क्षेत्रीय व्यापारी और जनता मैट्रो कार्यालय पहुंचकर घी-गुड़ से अधिकारियों की प्रतीकात्मक पूजा कर विरोध दर्ज कराएंगे। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल सड़क के लिए नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों और जवाबदेही की मांग के लिए है।


प्रदर्शन में राजेश साहू, लक्ष्मी देवी, केसा देवी, राजकुमार गुप्ता, बबलू गुप्ता, संदीप गौतम, हिमांशु त्रिवेदी, पूरन यादव, अविनाश सिंह, रौनक गौतम, रामायण यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और व्यापारी मौजूद रहे। क्षेत्र में हुए इस अनोखे प्रदर्शन की चर्चा पूरे शहर में रही और लोगों ने मैट्रो प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की।








0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js