स्टॉक एक्सचेंज के पास जलभराव पर सख्त हुए नगर आयुक्त, 91 लाख की सीवर परियोजना में देरी पर जताई नाराजगी

स्टॉक एक्सचेंज के पास जलभराव पर सख्त हुए नगर आयुक्त, 91 लाख की सीवर परियोजना में देरी पर जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को फटकार, स्मार्ट पार्किंग पुनः शुरू करने और फुटपाथ की खामियां तत्काल दूर करने के निर्देश


(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। शहर के वीआईपी क्षेत्र सिविल लाइंस स्थित स्टॉक एक्सचेंज और अम्बा नर्सिंग होम के आसपास लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय बुधवार को मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीवर लाइन की तकनीकी खामियों और कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने ग्रीनपार्क-परमट चौराहे से हैडर्ड स्कूल तक जा रही सीवर लाइन और जलभराव वाले स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य अभियंता, जलकल विभाग के महाप्रबंधक सहित नगर निगम और जल निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण में सामने आया कि जेएनएनयूआरएम योजना के तहत बिछाई गई सीवर लाइन में एक स्थान पर गैप छोड़ दिया गया था, जिसके कारण सीवेज का प्रवाह प्रभावित हो रहा है। बाद में अस्थायी समाधान के रूप में 1600 मिमी व्यास की प्रस्तावित लाइन के स्थान पर 800-800 मिमी की दो समानांतर पाइपें बिछा दी गईं। अधिकारियों ने बताया कि इससे लाइन की वहन क्षमता लगभग आधी रह गई है और पीक आवर्स में दूषित जल आसपास के क्षेत्रों में भरने लगता है। नगर आयुक्त ने इस स्थिति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि समस्या का स्थायी समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक पाइप लाइन बिछाने के लिए 91 लाख रुपये का प्राक्कलन तैयार किया गया था, जिसमें से 65 लाख रुपये जारी भी किए जा चुके हैं। बावजूद इसके छह बार टेंडर आमंत्रित करने के बाद भी कोई निविदा प्राप्त नहीं हुई। इस पर नगर आयुक्त ने उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए और कहा कि लापरवाही पाए जाने पर जवाबदेही तय की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान स्टॉक एक्सचेंज परिसर के बाहर बंद पड़ी स्मार्ट पार्किंग व्यवस्था का मुद्दा भी उठा। अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में यहां स्मार्ट पार्किंग के लिए स्पेन के बार्सिलोना से लाए गए सेंसर लगाए गए थे, लेकिन सीएम ग्रिड परियोजना के तहत सड़क निर्माण के दौरान वे दब गए और व्यवस्था निष्क्रिय हो गई। नगर आयुक्त ने शासनादेश के अनुरूप स्मार्ट पार्किंग को पुनः संचालित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा स्टॉक एक्सचेंज के मुख्य द्वार पर निर्माणाधीन फुटपाथ और ऊंचे सड़क स्तर के कारण वाहनों के आवागमन में हो रही परेशानी पर भी नगर आयुक्त ने संज्ञान लिया। उन्होंने जोनल अभियंता को निर्देश दिए कि सड़क और फुटपाथ के स्तर को तत्काल दुरुस्त किया जाए ताकि दुर्घटना की आशंका समाप्त हो और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js