महापौर ने जनसुनवाई में सुनीं समस्याएं, सीवर-जलभराव निस्तारण के लिए अधिकारियों को दिए 7 दिन

महापौर ने जनसुनवाई में सुनीं समस्याएं, सीवर-जलभराव निस्तारण के लिए अधिकारियों को दिए 7 दिन


(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। केंद्र में मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे जनसुनवाई अभियान के तहत महापौर प्रमिला पांडे व नगर आयुक्त एवं नगर निगम अधिकारियों के साथ जोन-2 एवं जोन-3 में जनसुनवाई शिविर आयोजित कर नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय नागरिकों ने सीवर चोक, जलभराव, सफाई एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराईं। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शहरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीवर एवं जलभराव से संबंधित सभी शिकायतों का निस्तारण सात दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए।

किदवई नगर स्थित म्यूजिकल फाउंटेन पार्क में आयोजित जनसुनवाई शिविर के दौरान स्थानीय निवासियों ने पार्क में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की शिकायत की। नागरिकों ने बताया कि पार्क में बने 14 प्रवेश द्वारों का दुरुपयोग करते हुए शाम के समय कुछ लोग नशेबाजी एवं अन्य अवांछित गतिविधियों में संलिप्त रहते हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने तत्काल नगर आयुक्त एवं संबंधित अधिकारियों के साथ पार्क का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने पार्क के 14 गेटों की संख्या घटाकर चार करने के निर्देश दिए, ताकि पार्क की निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ की जा सके और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो सके।

महापौर ने कहा कि जनसुनवाई शिविरों का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का समाधान उनके क्षेत्र में ही सुनिश्चित करना है, जिससे लोगों को नगर निगम कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। नगर निगम प्रशासन के अनुसार, जनसुनवाई अभियान का क्रम जारी रहेगा। इसी क्रम में रविवार को जोन-5 एवं जोन-6 में जनसुनवाई शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां नागरिक अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js