गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन पर शुरू हुआ एसी वेटिंग रूम, यात्रियों को 30 रुपए प्रति घंटे में मिलेगी सुविधा
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। यात्रियों को बेहतर और आरामदायक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में रेलवे ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन पर अब यात्रियों के लिए आधुनिक वातानुकूलित (एसी) वेटिंग रूम की सुविधा शुरू कर दी गई है। इस सुविधा का लाभ यात्री मात्र ₹30 प्रति घंटे के शुल्क पर उठा सकेंगे।मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा उप मुख्य यातायात प्रबंधक कानपुर आकांशु गोविल के निर्देशन में रविवार को इस सुविधा का शुभारंभ किया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इसका उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और आरामदायक प्रतीक्षालय उपलब्ध कराना है, ताकि ट्रेन के आगमन अथवा प्रस्थान की प्रतीक्षा के दौरान उन्हें बेहतर अनुभव मिल सके। नव स्थापित एसी वेटिंग रूम में यात्रियों के बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ स्वच्छ वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। गर्मी और प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों में यह सुविधा यात्रियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी साबित होगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रतीक्षालय के भीतर खानपान सामग्री की व्यवस्था भी सुनिश्चित की है। यहां रेलवे द्वारा अनुमोदित विक्रेताओं के माध्यम से चाय, कॉफी, पेय पदार्थ, स्नैक्स एवं अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे यात्रियों को प्रतीक्षा के दौरान अतिरिक्त सुविधा मिल सकेगी। रेल प्रशासन का कहना है कि यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। स्टेशन परिसरों में यात्रियों की आवश्यकताओं के अनुरूप सेवाओं का विस्तार लगातार किया जा रहा है। गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन पर एसी वेटिंग रूम की शुरुआत इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है, जिससे यात्री सुविधाओं की गुणवत्ता में सकारात्मक सुधार आने की उम्मीद है।




Post a Comment