मोदी सरकार के 12 वर्ष: जनकल्याण और सुशासन का उत्सव, मोतीझील में तीन दिवसीय स्वास्थ्य मेला व जनसुनवाई शिविर शुरू
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को मोतीझील स्थित प्रमिला सभागार में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन महापौर प्रमिला पांडे एवं नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नागरिकों ने शिविर में पहुंचकर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। जनसुनवाई शिविर में प्राप्त शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि जटिल मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। शिविर का उद्देश्य शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। वहीं स्वास्थ्य मेले में चिकित्सकीय परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण और जागरूकता संबंधी सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। महापौर प्रमिला पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं और सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का संकल्प साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि जनसेवा और सुशासन के ये 12 वर्ष राष्ट्र निर्माण के स्वर्णिम अध्याय के रूप में सदैव याद किए जाएंगे।नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने कहा कि नगर निगम नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने की अपील की। इससे पूर्व रविवार प्रातः 10 बजे सिविल लाइंस स्थित एमजी कॉलेज में भी जनसुनवाई कैंप आयोजित किया गया, जहां महापौर एवं नगर निगम अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। शिविर में स्वच्छता, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा एवं जनकल्याण से संबंधित विभिन्न विभागों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
प्रमुख उपलब्धियां
तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ
आयुष्मान भारत योजना के तहत बनाए गए कार्ड
आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित
जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याओं का निस्तारण
विभिन्न सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
एमजी कॉलेज में भी आयोजित हुआ जनसुनवाई शिविर
विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर उमड़ी नागरिकों की भीड़




Post a Comment