21 मौतों के बाद जागा सिस्टम, कानपुर में होटल-गेस्ट हाउसों की फायर जांच शुरू
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में भीषण आग से 21 लोगों की मौत के बाद प्रदेशभर में अग्नि सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। डीजी फायर के निर्देश पर शुरू हुए विशेष अभियान के तहत कानपुर में घंटाघर क्षेत्र से बड़े स्तर पर फायर सेफ्टी जांच अभियान की शुरुआत की गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में फायर विभाग की टीमों ने घंटाघर और आसपास स्थित कई होटल, गेस्ट हाउस और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की पड़ताल की। जांच के दौरान फायर एनओसी, फायर फाइटिंग सिस्टम, स्प्रिंकलर, स्मोक डिटेक्टर और इमरजेंसी एग्जिट की स्थिति को बारीकी से परखा गया। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों से आग लगने की स्थिति में बचाव उपायों और सुरक्षा उपकरणों के संचालन को लेकर भी जानकारी ली गई। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सुरक्षा मानकों से समझौता करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फायर विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जिन प्रतिष्ठानों में फायर एनओसी नहीं मिलेगी या गंभीर खामियां सामने आएंगी, उनके खिलाफ नोटिस, सीलिंग और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि दिल्ली जैसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। अधिकारियों के मुताबिक आने वाले दिनों में स्वरूप नगर, सिविल लाइंस, माल रोड समेत शहर के अन्य प्रमुख क्षेत्रों में भी यह अभियान चलाया जाएगा। वहीं प्रशासन ने लोगों से भी होटल या गेस्ट हाउस में ठहरने से पहले वहां की सुरक्षा व्यवस्था परखने की अपील की है।




Post a Comment