बस अड्डा बना जाम का अड्डा, सड़क पर दौड़ रही मनमानी, जिम्मेदार मौन, जनता त्रस्त

बस अड्डा बना जाम का अड्डा, सड़क पर दौड़ रही मनमानी, जिम्मेदार मौन, जनता त्रस्त


(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को आईना दिखाने वाला शहीद मेजर सलमान अंतरराज्यीय बस अड्डा इन दिनों अव्यवस्था, लापरवाही और प्रशासनिक उदासीनता का बड़ा उदाहरण बन चुका है। सड़क पर बेतरतीब खड़ी बसें, बीच रास्ते सवारियां भरते चालक-परिचालक और कार्रवाई के नाम पर खामोशी ओढ़े जिम्मेदार, विभागों के चलते यहां दिनभर जाम का विकराल संकट बना रहता है। हालात ऐसे हैं कि लोगों का सड़क से गुजरना तक दूभर हो गया है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के मुताबिक बस चालक खुलेआम यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। बस अड्डे के बाहर और मुख्य सड़क पर ही बसें खड़ी कर सवारियां भरी जाती हैं। अधिक यात्रियों को बैठाने की होड़ में सड़क को ही अस्थायी स्टैंड बना दिया गया है। नतीजा यह है कि कुछ ही मिनटों में वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और पूरा इलाका जाम की गिरफ्त में आ जाता है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों, बुजुर्गों और मरीजों को उठानी पड़ रही है। भीषण गर्मी के बीच घंटों जाम में फंसे लोग प्रशासनिक व्यवस्था को कोसते नजर आते हैं। कई बार एंबुलेंस तक जाम में फंस जाती हैं, लेकिन व्यवस्था सुधारने के लिए कोई ठोस पहल दिखाई नहीं देती।

हैरानी की बात यह है कि मौके पर मौजूद यातायात पुलिसकर्मी भी हालात संभालने के बजाय मूकदर्शक बने रहते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नियमों का खुलेआम उल्लंघन होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की जाती, जिससे बस चालकों और परिचालकों के हौसले बुलंद हैं। वहीं परिवहन विभाग की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में है। लगातार शिकायतों के बावजूद अव्यवस्था जस की तस बनी हुई है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो यह अव्यवस्था किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर बस खड़ी कर सवारी भरने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए, बस अड्डे के बाहर यातायात नियंत्रण के लिए स्थायी व्यवस्था बनाई जाए और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js