कानपुर नगर निगम की वेबसाइट पर साइबर अटैक, ऑनलाइन सेवाएं ठप दिल्ली तक मचा हड़कंप
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। कानपुर नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट गुरुवार दोपहर कथित साइबर हमले का शिकार हो गई, जिससे नगर निगम की तमाम ऑनलाइन सेवाएं अचानक ठप पड़ गईं। घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम प्रशासन, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) और साइबर सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। दिल्ली और लखनऊ से विशेषज्ञ इंजीनियरों की टीम वेबसाइट को बहाल करने में जुट गई है। वेबसाइट बंद होने का सीधा असर आम जनता से जुड़ी महत्वपूर्ण सेवाओं पर पड़ा है। जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया बाधित हो गई, जबकि गृहकर जमा करने, ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया और अन्य डिजिटल सेवाएं भी प्रभावित रहीं। हजारों नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा और नगर निगम के जोनल कार्यालयों में पूछताछ के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। बताया जा रहा है कि नगर निगम के कर्मचारियों के वेतन और भत्तों से जुड़ी ऑनलाइन प्रणाली भी प्रभावित हुई है। ऐसे में कर्मचारियों के बीच भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। वर्तमान समय में गृहकर मूल्यांकन और कर जमा करने का अभियान चल रहा है, जिससे करीब 40 हजार से अधिक नागरिक सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। नगर निगम के आईटी विभाग के नोडल अधिकारी राहुल सबबरवाल ने बताया कि सर्वर में गंभीर तकनीकी समस्या सामने आई है और हैकिंग की आशंका को देखते हुए पूरे सिस्टम की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि एनआईसी के विशेषज्ञ लगातार तकनीकी खामियों को दूर करने और वेबसाइट को सुरक्षित तरीके से पुनः शुरू करने में लगे हुए हैं। उधर, साइबर सेल और सुरक्षा एजेंसियों को भी मामले की सूचना दे दी गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि साइबर हमले के पीछे कौन सा हैकर ग्रुप सक्रिय था और कहीं नगर निगम का कोई संवेदनशील डेटा लीक तो नहीं हुआ।



Post a Comment