क्या घर में तेल जमा करना कानूनी है? जानिए क्या कहते हैं भारत के नियम

क्या घर में तेल जमा करना कानूनी है? जानिए क्या कहते हैं भारत के नियम

(Today crime news)

Petrol-Diesel Storage Rules: देश में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच ईंधन स्टोरेज को लेकर लोगों में भ्रम की स्थिति बन गई है। सोशल मीडिया पर बड़े ड्रमों और बोतलों में पेट्रोल भरवाने के वायरल वीडियो के बाद आम जनता के मन में सवाल उठ रहे हैं कि क्या पेट्रोल पंप पर तेल खरीदने की कोई सीमा तय है? क्या घर में बड़ी मात्रा में पेट्रोल-डीजल रखना कानूनी है? और क्या बोतल में पेट्रोल भरवाया जा सकता है?

दरअसल भारत में पेट्रोल और डीजल की बिक्री तथा भंडारण को लेकर सख्त सुरक्षा नियम लागू हैं। ये नियम आगजनी, दुर्घटनाओं और जमाखोरी जैसी स्थितियों को रोकने के उद्देश्य से बनाए गए हैं।

सामान्य दिनों में तेल बिक्री पर कोई तय सीमा नहीं

देश में सामान्य परिस्थितियों में पेट्रोल पंपों पर ईंधन बिक्री की कोई तय दैनिक सीमा लागू नहीं होती। सरकारी तेल कंपनियां जैसे Indian Oil Corporation, Bharat Petroleum और Hindustan Petroleum अपने डीलरों पर रोजाना बिक्री का कोई निश्चित कोटा लागू नहीं करतीं।

एक सामान्य शहरी पेट्रोल पंप पर प्रतिदिन हजारों लीटर पेट्रोल और डीजल की बिक्री होती है, जो स्थानीय मांग और उपलब्ध स्टॉक पर निर्भर करती है।

संकट की स्थिति में सरकार लगा सकती है अस्थायी पाबंदी

विशेष परिस्थितियों जैसे युद्ध, कच्चे तेल की भारी कमी, अंतरराष्ट्रीय संकट या सप्लाई बाधित होने की स्थिति में सरकार अस्थायी प्रतिबंध लागू कर सकती है।

ऐसे हालात में:

सीमित मात्रा में ईंधन बिक्री,

फुल टैंक पर रोक,

बड़े कंटेनरों में तेल भरने पर प्रतिबंध,

जमाखोरी रोकने के लिए प्रशासनिक निगरानी

जैसे कदम उठाए जा सकते हैं। हालांकि फिलहाल देश में किसी प्रकार का आधिकारिक फ्यूल राशनिंग सिस्टम लागू नहीं है।

बोतल में पेट्रोल भरवाना पूरी तरह गैरकानूनी नहीं

भारत में बोतल या कंटेनर में पेट्रोल भरवाना पूरी तरह प्रतिबंधित नहीं है, लेकिन इसके लिए सख्त सुरक्षा मानक तय किए गए हैं।

Petroleum and Explosives Safety Organisation (PESO) के नियमों के अनुसार पेट्रोल और डीजल केवल सुरक्षित, मजबूत और लीक-प्रूफ कंटेनर में ही रखा जा सकता है।

साधारण प्लास्टिक बोतल, बाल्टी या कमजोर कंटेनर में तेल भरना खतरनाक माना जाता है। यही कारण है कि कई पेट्रोल पंप सुरक्षा कारणों से ऐसे कंटेनरों में तेल देने से मना कर देते हैं।

घर में कितना ईंधन रखा जा सकता है?

नियमों के अनुसार बिना लाइसेंस कोई भी व्यक्ति अधिकतम 30 लीटर पेट्रोल घर में रख सकता है। यह ईंधन सुरक्षित कंटेनर में होना अनिवार्य है। वहीं डीजल के मामले में बिना लाइसेंस लगभग 2500 लीटर तक भंडारण की अनुमति है, लेकिन एक कंटेनर में 1000 लीटर से अधिक डीजल नहीं रखा जा सकता।

निर्धारित सीमा से अधिक ईंधन रखने के लिए सरकारी अनुमति और लाइसेंस आवश्यक होता है। नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई दोनों हो सकती हैं।

बड़े ड्रमों में तेल भरवाने पर प्रशासन सख्त

हाल के दिनों में सोशल Media पर बड़े ड्रम और टैंक में पेट्रोल-डीजल भरवाने के कई वीडियो वायरल हुए हैं। इसके बाद प्रशासन और तेल कंपनियों ने लोगों से अनावश्यक ईंधन जमा न करने की अपील की है।

विशेषज्ञों का कहना है कि जरूरत से ज्यादा पेट्रोल या डीजल घर में रखना आग और विस्फोट जैसी गंभीर दुर्घटनाओं को न्योता दे सकता है। बड़े टैंक और ड्रम में ईंधन भंडारण की अनुमति आमतौर पर उद्योगों, कृषि कार्यों और व्यावसायिक उपयोग के लिए ही दी जाती है।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js