अनवरगंज-मंधना एलीवेटेड ट्रैक को मिली रफ्तार, अब अतिरिक्त जमीन बनेगी चुनौती
Today crime news
उत्तर प्रदेश कानपुर। शहर की बहुप्रतीक्षित अनवरगंज-मंधना एलीवेटेड रेलवे ट्रैक परियोजना को टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद नई रफ्तार मिल गई है, लेकिन निर्माण शुरू होने से पहले अतिरिक्त भूमि की जरूरत बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है। संयुक्त निरीक्षण के दौरान रेलवे इंजीनियरों और जिला प्रशासन की टीम ने परियोजना के सुरक्षित एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप निर्माण के लिए करीब एक हजार वर्गमीटर अतिरिक्त जमीन की आवश्यकता बताई है। इसके बाद जिला प्रशासन ने शासन को पत्र भेजकर अतिरिक्त बजट की मांग की है।
पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक भूमि उपलब्ध होते ही कार्यदायी संस्था निर्माण कार्य शुरू कर देगी। करीब 1115.65 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना का ठेका राजस्थान की इंफ्रा बिल्ड प्रोजेक्ट कंपनी को 830.90 करोड़ रुपये में दिया गया है। कंपनी ने निर्धारित लागत से 25.5 प्रतिशत कम दर पर सबसे कम बोली लगाकर टेंडर हासिल किया
बीते सप्ताह टेंडर फाइनल होने के बाद रेलवे अधिकारियों, इंजीनियरों और प्रशासनिक टीम ने प्रस्तावित स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि एलीवेटेड ट्रैक के निर्माण, सुरक्षा मानकों और तकनीकी ढांचे को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता पड़ेगी। इसके चलते अब प्रशासन भूमि अधिग्रहण और बजट स्वीकृति की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने में जुट गया है।
शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए यह परियोजना बेहद अहम मानी जा रही है। एलीवेटेड ट्रैक बनने के बाद अनवरगंज से मंधना तक यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे हजारों दैनिक यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।


Post a Comment