गर्मी में यात्रियों को बड़ी राहत 4 समर स्पेशल ट्रेनें, कानपुर गोविंदपुरी में ठहराव
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। भीषण गर्मी और छुट्टियों के मौसम में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। उत्तर मध्य रेलवे ने प्रयागराज, गांधीग्राम, सूबेदारगंज और वलसाड के बीच चार समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। इन ट्रेनों का ठहराव कानपुर के गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन पर भी होगा, जिससे कानपुर सहित यूपी, राजस्थान और गुजरात जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि गाड़ी संख्या 04111/04112 प्रयागराज-गांधीग्राम-प्रयागराज समर स्पेशल ट्रेन का संचालन 30 मई से 14 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। ट्रेन प्रयागराज से प्रत्येक शनिवार और मंगलवार को रवाना होगी, जबकि गांधीग्राम से प्रत्येक रविवार और बुधवार को चलेगी। यह विशेष ट्रेन कुल 14-14 फेरों में संचालित की जाएगी।
ट्रेन प्रयागराज, फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा, टूंडला, आगरा ईदगाह, भरतपुर, बांदीकुई, जयपुर, अजमेर, मारवाड़ जंक्शन, आबू रोड, पालनपुर और महेसाना समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में कुल 19 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें सामान्य, स्लीपर और थर्ड एसी श्रेणी के डिब्बे शामिल होंगे। इसके अलावा रेलवे ने गाड़ी संख्या 04119/04120 सूबेदारगंज-वलसाड-सूबेदारगंज समर स्पेशल ट्रेन चलाने का भी निर्णय लिया है। यह ट्रेन 30 मई से 11 जुलाई 2026 तक प्रत्येक शनिवार को सूबेदारगंज से तथा 31 मई से 12 जुलाई 2026 तक प्रत्येक रविवार को वलसाड से संचालित होगी। ट्रेन कुल सात-सात फेरों में चलाई जाएगी। यह ट्रेन फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा, टूंडला, आगरा ईदगाह, बयाना, गंगापुर सिटी, कोटा, रतलाम, छायापुरी और सूरत सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहरेगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को कंफर्म सीट मिलने में आसानी होगी और लंबी दूरी की ट्रेनों में अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की समय-सारिणी और अन्य जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 या आधिकारिक रेलवे पोर्टल से जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।


Post a Comment