ट्रेनों पर पत्थरबाजी रोकने को जीआरपी का बड़ा अभियान, बस्तियों में चौपाल लगाकर दी सख्त चेतावनी
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। रेलवे ट्रैक पर अवरोध पैदा करने और ट्रेनों पर पत्थरबाजी की बढ़ती घटनाओं को लेकर जीआरपी अब पूरी तरह सख्त नजर आ रही है। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सोमवार को जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने कलेक्टरगंज क्षेत्र की बस्तियों में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधिकारियों ने चौपाल लगाकर स्थानीय लोगों को समझाया कि ट्रेनों पर पत्थर फेंकना केवल शरारत नहीं, बल्कि यात्रियों की जान से खिलवाड़ करने जैसा गंभीर अपराध है। रेलवे पुलिस महानिदेशक प्रकाश डी. के मार्गदर्शन, रेलवे पुलिस महानिरीक्षक प्रयागराज एन. कोलान्ची के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशान्त वर्मा की लगातार मॉनिटरिंग में यह अभियान चलाया गया। पुलिस उपाधीक्षक रेलवे कानपुर दुष्यन्त कुमार सिंह के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जीआरपी कानपुर सेंट्रल ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में टीम ने सीपीसी कॉलोनी एवं आसपास के संवेदनशील इलाकों में लोगों से संवाद किया।
बच्चों पर नजर रखने की अपील
जीआरपी अधिकारियों ने अभिभावकों से कहा कि वह अपने बच्चों को रेलवे ट्रैक के आसपास जाने से रोकें और पड़ोस के लोगों को भी जागरूक करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कई बार बच्चों की छोटी लापरवाही बड़े हादसों का कारण बन जाती है। ट्रैक पर पत्थर रखना, ट्रेन पर पत्थर फेंकना अथवा रेलवे लाइन अवरुद्ध करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।
रेलवे एक्ट की धाराओं की दी जानकारी
अभियान के दौरान लोगों को रेलवे अधिनियम की धारा 152 एवं 153 के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, ट्रैक बाधित करने और ट्रेनों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई एवं जेल की सजा का प्रावधान है।
हेल्पलाइन नंबर जारी, संदिग्ध दिखे तो तुरंत दें सूचना
जीआरपी टीम ने लोगों से मोबाइल नंबर साझा करते हुए अपील की कि यदि कोई व्यक्ति रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध गतिविधि करता दिखाई दे या पत्थरबाजी जैसी घटना की आशंका हो तो तत्काल रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139, जीआरपी कानपुर सेंट्रल के सीयूजी नंबर 9454404416 अथवा पुलिस कंट्रोल नंबर 9454402546 पर सूचना दें। अभियान में चौकी प्रभारी जीआरपी झींझक अर्पित तिवारी, एसएसआई विनोद कुमार यादव, एसआई संदीप कुमार तिवारी, एसआई सुनील कुमार, एसआई मोहित कुमार, हेड कांस्टेबल सतेंद्र सिंह, रमेश सोनकर, कांस्टेबल सत्वंत एवं आनंद कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।



Post a Comment