पार्षद पति के हंगामे के बाद जागा नगर निगम, बेगमपुरवा वार्ड में शुरू हुआ लाइट दुरुस्ती अभियान
Today crime news
उत्तर प्रदेश कानपुर। बकरीद से पहले बेगमपुरवा वार्ड-102 में खराब पड़ी स्ट्रीट और हाईमास्ट लाइटों को लेकर हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन के बाद आखिरकार नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया। शनिवार को जोन-3 कार्यालय में पार्षद पति अकील शानू द्वारा किए गए हंगामे और धरना प्रदर्शन के बाद रविवार को विभागीय कर्मचारियों को क्षेत्र में भेजकर खराब लाइटों को दुरुस्त कराने का काम शुरू करा दिया गया। बताया गया कि वार्ड की पार्षद निशा अकील शानू के पति अकील शानू ने मार्ग प्रकाश विभाग के जेई पर भेदभाव और लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्यालय में ही शर्ट उतारकर जमीन पर बैठ विरोध जताया था। उन्होंने चेतावनी दी थी कि जब तक क्षेत्र की लाइटें ठीक नहीं होंगी, तब तक वह शर्ट नहीं पहनेंगे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के सामने हाथ जोड़कर क्षेत्र की समस्याएं भी गिनाईं। अकील शानू का कहना था कि बगाही ईदगाह दक्षिण क्षेत्र की सबसे बड़ी ईदगाहों में शामिल है, जहां बकरीद पर एक लाख से अधिक नमाजी पहुंचते हैं। इसके बावजूद वार्ड की 15 से 20 स्ट्रीट लाइटें और छह हाईमास्ट लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते एक महीने से वह लगातार जोन-3 के मार्ग प्रकाश विभाग के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन जेई राधाकृष्ण उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रहे थे। हाईमास्ट लाइटों की मरम्मत के लिए क्रेन उपलब्ध कराने की मांग भी अनसुनी कर दी गई। शनिवार शाम नगर निगम कार्यालय में हुए इस विरोध प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे। मामला तूल पकड़ता देख नगर निगम प्रशासन ने रविवार को तुरंत कर्मचारियों की टीम मौके पर भेजी और खराब स्ट्रीट व हाईमास्ट लाइटों को दुरुस्त करने का काम शुरू करा दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहार से पहले क्षेत्र में रोशनी व्यवस्था बहाल होने से बड़ी राहत मिलेगी। वहीं, नगर निगम अधिकारियों का दावा है कि शेष खराब लाइटों को भी जल्द ठीक करा दिया जाएगा ताकि बकरीद के मौके पर लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।



Post a Comment