करोड़ों की लागत से बने तालाब-पार्क सौंदर्याकरण कार्य पर उठे सवाल, क्षेत्रवासियों ने नगर आयुक्त से की जांच की मांग
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। केशवपुरम स्थित एन सेक्टर, आवास विकास-1 में नगर निगम द्वारा कराए जा रहे जल संचय तालाब एवं पार्क के सौंदर्याकरण कार्य में अनियमितताओं को लेकर क्षेत्रवासियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। करोड़ों रुपये की लागत से चल रहे इस प्रोजेक्ट में मानकविहीन निर्माण, जल प्रदूषण और सुरक्षा संबंधी गंभीर खामियों के आरोप लगाए गए हैं। क्षेत्रवासियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों द्वारा नगर आयुक्त को भेजे गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि पार्क का फुटपाथ अधूरा और गुणवत्ता मानकों के विपरीत बनाया गया है। वहीं जल संचय तालाब में लगातार सीवर का गंदा पानी गिर रहा है, जिससे तालाब प्रदूषित हो रहा है और आसपास दुर्गंध फैल रही है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि अवैध कब्जे वाले भवनों का गंदा पानी भी पार्क परिसर में छोड़ा जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि पार्क में बनाए गए लॉन और योगा पार्क की भूमि समतल नहीं होने से नागरिकों, बुजुर्गों और महिलाओं को टहलने एवं योगाभ्यास में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आसपास के मकानों की छतों और पानी की टंकियों का पानी पार्क में गिरने से फुटपाथ धंसने लगा है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने पार्क की सुरक्षा व्यवस्था को भी कमजोर बताया है। उनका कहना है कि बाउंड्री वॉल के ऊपर कंटीले तार न लगाए जाने के कारण असामाजिक तत्व पार्क में आसानी से प्रवेश कर जाते हैं, जिससे स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना बनी हुई है। साथ ही पार्क की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत भी उठाई गई है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इस संबंध में 23 मार्च 2026 को भी नगर निगम के सामान्य प्रशासन विभाग में शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने नगर आयुक्त से मौके का निरीक्षण कराकर निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों व कार्यदायी संस्था के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान पूर्व विधायक सतीश निगम, सपा नेता सम्राट विकास यादव, स्थानीय पार्षद एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने नगर निगम प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।स्थानीय नागरिकों ने नगर आयुक्त से निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों और कार्यदायी संस्था पर कार्रवाई करने तथा पार्क व तालाब को सुरक्षित एवं स्वच्छ बनाने की मांग की है।



Post a Comment