अवैध निर्माणों पर केडीए का बड़ा एक्शन, चार बहुमंजिला भवन सील

अवैध निर्माणों पर केडीए का बड़ा एक्शन, चार बहुमंजिला भवन सील



(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने शहर में बिना मानचित्र स्वीकृति कराए किए जा रहे अवैध निर्माणों के खिलाफ सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चार बहुमंजिला भवनों को सील कर दिया। प्रवर्तन जोन-1 की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर यह कार्रवाई की। केडीए की इस सख्ती से अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप मच गया। प्राधिकरण द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक एवं सचिव अमित कुमार सिंह के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1 के प्रभारी अधिकारी अतुल कुमार राय के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान लाल बंगला, चमनगंज और पटकापुर क्षेत्रों में बिना स्वीकृत मानचित्र के बनाए जा रहे निर्माणों को चिन्हित कर सील किया गया। केडीए टीम ने लाल बंगला स्थित प्लॉट संख्या-46 आईडियल कंपाउंड, पटकापुर स्थित प्लॉट संख्या-89/5, तथा चमनगंज क्षेत्र के प्लॉट संख्या-99/233 और 99/171 पर चल रहे अवैध निर्माणों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की। इन भवनों का निर्माण बिना मानचित्र स्वीकृति के कराया जा रहा था। प्रवर्तन टीम के साथ अवर अभियंता अर्पण सिंह, रस्तोगी कुमार गौड़, सुपरवाइजर प्रमोद शर्मा, विशेष कार्याधिकारी धर्मराज, प्रेम नारायण मिश्रा, सुनील समेत सुरक्षा कर्मी मौजूद रहे। केडीए अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि भवन निर्माण शुरू करने से पहले प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत अवश्य करा लें, ताकि भविष्य में आर्थिक और कानूनी परेशानियों से बचा जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js