भ्रष्टाचार पर शिकंजा, ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, करोड़ों की संपत्ति के सुराग

भ्रष्टाचार पर शिकंजा, ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, करोड़ों की संपत्ति के सुराग

(Today crime news)

बिहार पटना। सरकारी टेंडरों और अफसरों से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामलों में जांच एजेंसियों ने शिकंजा और कस दिया है। बुधवार को विशेष निगरानी इकाई (SVU) और आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने राज्य के अलग-अलग जिलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों की संपत्ति, ज्वेलरी, बैंक खातों और अहम दस्तावेजों का खुलासा किया। कार्रवाई के केंद्र में चर्चित ठेकेदार रिशु श्री और दरभंगा के केवटी प्रखंड के बीडीओ चंद्र मोहन पासवान रहे।

SVU की टीम ने पटना के मीठापुर स्थित कांताराम सखी एंक्लेव में रिशु श्री के फ्लैट पर करीब 11 घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान करीब दो करोड़ रुपये की ज्वेलरी, ढाई लाख रुपये नकद, बैंक रिकॉर्ड, डिजिटल डिवाइस और कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए। अधिकारियों के अनुसार रिशु श्री पर सरकारी टेंडरों में गड़बड़ी, मनी लॉन्ड्रिंग और अफसरों को कथित लाभ पहुंचाकर ठेके हासिल करने के गंभीर आरोप हैं।

जांच एजेंसियों के मुताबिक रिशु श्री ने कई वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच बनाकर सरकारी टेंडरों में प्रभाव डालने की कोशिश की। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की पूर्व जांच में यह भी सामने आया था कि दो IAS अधिकारियों और उनके परिवारों की विदेश यात्राओं का खर्च उठाया गया। आरोप है कि यूरोप और ऑस्ट्रेलिया यात्रा के टिकट, होटल और अन्य खर्च रिशु श्री की ओर से वहन किए गए। इतना ही नहीं, एक महिला IAS अधिकारी के घर की छत पर कराई गई बागवानी पर करीब नौ लाख रुपये खर्च करने का दावा भी जांच में सामने आया है।

उधर आर्थिक अपराध इकाई ने दरभंगा में बीडीओ चंद्र मोहन पासवान के छह ठिकानों पर छापेमारी कर 10 बैंक खाते, एलआईसी पॉलिसियां, वाहन दस्तावेज, ज्वेलरी और कई संपत्तियों के कागजात जब्त किए। जांच में करीब 89 लाख रुपये की आय से अधिक संपत्ति मिलने का दावा किया गया है, जो उनकी ज्ञात आय से लगभग 81 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है। फिलहाल एजेंसियां बैंक लेनदेन, निवेश और संपत्तियों के स्रोत की गहन जांच में जुटी हैं।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js