रावी रेलवे पुल दुरुस्त, जम्मू-कटरा रूट पर जल्द दौड़ेंगी 20 ट्रेनें
वैष्णो देवी और अमरनाथ यात्रियों को बड़ी राहत, रेलवे ने रिकॉर्ड 8 महीने में पूरा किया मरम्मत कार्य
(Today crime news)
नई दिल्ली। माता वैष्णो देवी और आगामी अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भारतीय रेलवे की ओर से बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। रावी नदी पर बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुआ महत्वपूर्ण रेलवे पुल अब पूरी तरह दुरुस्त कर लिया गया है। पुल के सुरक्षित घोषित होते ही जम्मू और श्री माता वैष्णो देवी कटरा रूट पर बंद पड़ी करीब 20 प्रमुख ट्रेनों के दोबारा संचालन का रास्ता साफ हो गया है।
दरअसल, 26 अगस्त 2025 को आई भीषण बाढ़ के चलते रावी नदी पर बने रेलवे पुल को भारी नुकसान पहुंचा था। पुल की स्थिति को देखते हुए रेलवे ने सुरक्षा कारणों से जम्मू और कटरा जाने वाली कई अहम ट्रेनों का संचालन रोक दिया था। इससे उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली और उत्तराखंड समेत कई राज्यों के लाखों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रेलवे इंजीनियरों ने युद्धस्तर पर काम करते हुए रिकॉर्ड आठ महीनों में पुल का मरम्मत कार्य पूरा किया। इसके बाद ट्रैक और पुल का विस्तृत तकनीकी परीक्षण किया गया, जिसमें पुल पूरी तरह सुरक्षित पाया गया। रेलवे ने अब इस रूट पर ट्रेनों को चरणबद्ध तरीके से दोबारा चलाने की तैयारी शुरू कर दी है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, गर्मियों की छुट्टियों और जून से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा को देखते हुए यात्रियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी की संभावना है। ऐसे में जम्मू-कटरा रूट पर ट्रेन सेवाओं की बहाली से श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। हालांकि, ट्रैक और परिचालन व्यवस्था को पूरी तरह सामान्य करने के लिए कुछ ट्रेनें फिलहाल मई के अंत और जून मध्य तक अस्थायी रूप से निरस्त रह सकती हैं।
रेलवे सूत्रों का कहना है कि पुल के दोबारा शुरू होने से धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ उत्तर भारत के रेल यातायात को भी मजबूती मिलेगी। आने वाले दिनों में रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों की घोषणा भी कर सकता है।


Post a Comment