गोरखपुर-पनवेल एक्सप्रेस में चोरी से हड़कंप, कोच अटेंडेंट पर लाखों के जेवर उड़ाने का आरोप
👆🏻👆🏻 प्रतीकात्मक चित्र
Today crime news
उत्तर प्रदेश कानपुर। राजकीय रेलवे पुलिस के अंतर्गत गोरखपुर-पनवेल एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक परिवार के साथ चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। पीड़ित परिवार ने कोच अटेंडेंट पर लाखों रुपये के जेवर और 20 हजार रुपये नकद गायब करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई, जबकि महिला यात्री की तबीयत बिगड़ने पर उसे संभालना पड़ा। मामले में जीआरपी सेंट्रल में रिपोर्ट दर्ज कर जीरो एफआईआर के तहत बाबूपुरवा थाने को जांच के लिए भेजा गया है। सिद्धार्थनगर के ग्राम पहाड़पुर निवासी देवा यादव ने बताया कि वह 15 अप्रैल 2026 को अपनी मां कंचन समेत रिश्तेदारों किशन, रंजू, नारायण और प्रदीप पटी के साथ गोरखपुर-पनवेल एक्सप्रेस से कल्याण जंक्शन से सिद्धार्थनगर जा रहे थे। परिवार की बी-6 कोच में चार सीटें आरक्षित थीं। आरोप है कि ट्रेन में चढ़ते ही कोच अटेंडेंट ने अधिक सामान होने की बात कहकर बैग सुरक्षित रखने के बहाने अपने लॉकर में रखवा लिया। इसके बदले उसने एक हजार रुपये मांगे, बाद में 800 रुपये में बात तय हो गई।
इस दौरान ट्रेन डायवर्ट होने के कारण परिवार कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर उतर गया। झकरकटी बस अड्डे पहुंचकर जब बैग की जांच की गई तो उसमें रखे लाखों रुपये के जेवर और 20 हजार रुपये नकद गायब मिले। घटना की जानकारी होते ही पीड़ित की मां कंचन बेहोश हो गईं। परिवार ने तत्काल रेलवे हेल्पलाइन 139 पर शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में जीआरपी सेंट्रल में रिपोर्ट दर्ज की गई थी, जिसे जीरो एफआईआर के तहत बाबूपुरवा थाने स्थानांतरित किया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और संबंधित कोच अटेंडेंट की भूमिका खंगाली जा रही है।


Post a Comment