जानलेवा खंभा हटाने के लिए भाजपा पार्षद से मांगे 1.35 लाख, केस्को की कार्यशैली पर भड़का गुस्सा
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। शहर में लोगों की जान पर मंडरा रहे खतरे के बीच केस्को की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। पूर्व सांसद के आवास के बाहर महीनों से झुके और जर्जर बिजली खंभे को हटाने की मांग करने पर केस्को ने भाजपा पार्षद महेंद्र पांडे उर्फ पप्पू को ही 1 लाख 35 हजार रुपये जमा कराने का पत्र थमा दिया। पत्र सामने आते ही जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। जानकारी के अनुसार क्षेत्र में लगा बिजली का खंभा पूरी तरह जर्जर हो चुका है और किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता है। स्थानीय लोगों की शिकायतों और जनसुरक्षा को देखते हुए भाजपा पार्षद महेंद्र पांडे पप्पू ने केस्को प्रबंध निदेशक को पत्र लिखकर तत्काल खंभा हटाने की मांग की थी। लेकिन कार्रवाई करने के बजाय केस्को अभियंता मनीष निषाद की ओर से पार्षद को 1 लाख 35 हजार रुपये जमा करने का नोटिस भेज दिया गया। इस पत्र के वायरल होते ही पार्षदों में नाराजगी फूट पड़ी। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि यदि जानलेवा और गले खंभों को हटाने के लिए भी जनता के प्रतिनिधियों से वसूली की जाएगी तो आम नागरिकों की सुरक्षा भगवान भरोसे ही रहेगी। भाजपा पार्षदों ने इसे विभागीय संवेदनहीनता और जिम्मेदारी से बचने का प्रयास बताया है। भाजपा पार्षद महेंद्र पांडे पप्पू ने ऊर्जा मंत्री को पत्र भेजकर मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि केस्को का काम जनता को सुरक्षित बिजली व्यवस्था देना है, न कि हादसे रोकने की मांग करने वालों पर आर्थिक बोझ डालना। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में कई स्थानों पर जर्जर बिजली खंभे हादसों को न्योता दे रहे हैं, लेकिन विभाग शिकायतों पर कार्रवाई करने के बजाय औपचारिकताओं और वसूली में उलझा है। अब देखना यह होगा कि ऊर्जा विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है।



Post a Comment