सड़कों पर उतरे नगर आयुक्त, सफाई व्यवस्था की खुली पोल
सरसैयाघाट पर गंदगी मिलने पर सफाई नायक को नोटिस नवरात्रि से पहले अवैध होर्डिंग हटाने का अल्टीमेटम
Today crime news
उत्तर प्रदेश कानपुर। शहर की सफाई व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय बुधवार तड़के 6 बजे सड़कों पर उतर आए। औचक निरीक्षण के दौरान मोतीझील से लेकर बेनाझाबर रोड, तिलक नगर, वीआईपी रोड, फूलबाग, बिरहाना रोड, सरसैयाघाट और तपेश्वरी मंदिर तक व्यवस्थाओं की पड़ताल की गई। निरीक्षण में जहां कुछ प्रमुख मार्गों पर सफाई संतोषजनक मिली, वहीं कई स्थानों पर लापरवाही भी उजागर हुई। सिविल लाइन वार्ड के लट्ठा कोठी क्षेत्र में घर-घर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था कमजोर पाई गई। स्थानीय लोगों ने सफाई कर्मियों के देरी से आने और कूड़ा उठान में अनियमितता की शिकायत की, जिस पर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
सरसैयाघाट क्षेत्र में हालात सबसे खराब मिले। सुबह 8 बजे तक झाड़ू न लगने और सड़क किनारे गंदगी पाए जाने पर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। संबंधित सफाई नायक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए और तत्काल सफाई कराकर जियोटैग फोटो प्रस्तुत करने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान बिरहाना रोड और तपेश्वरी मंदिर परिसर में अवैध होर्डिंग और क्यास्क भी पाए गए। नवरात्रि पर्व को देखते हुए इन्हें तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही मंदिर क्षेत्र में जल निकासी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए निकास द्वार चौड़ा करने और क्षतिग्रस्त गलीपिट की मरम्मत युद्धस्तर पर कराने के आदेश दिए गए।नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी जोनल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई और जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा कर जल्द सुधार सुनिश्चित करें, ताकि बरसात से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त हो सकें। निरीक्षण के दौरान नगर निगम महकमे में हड़कंप मचा रहा और कई स्थानों पर मौके पर ही सफाई कार्य शुरू कराया गया।





Post a Comment