शहर में चला चट्टा हटाओ अभियान, 41 पशु पकड़े, 56.26 लाख की वसूली
Today crime news
उत्तर प्रदेश कानपुर। नगर निगम द्वारा शहर में आवारा पशुओं पर नियंत्रण के लिए सख्ती तेज कर दी गई है। नगर आयुक्त के निर्देश पर गुरुवार को नौबस्ता के बसंत विहार स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर क्षेत्र और किदवई नगर के वाई ब्लॉक में विशेष ‘चट्टा हटाओ’ अभियान चलाया गया। इस दौरान 4 भैंस और 15 गाय (बछड़ों सहित) को पकड़कर जब्त किया गया और उन्हें गौशाला भेजा गया। इसके अलावा निगम की टीम ने शहर के अन्य क्षेत्रों में भी नियमित अभियान चलाते हुए 22 आवारा पशुओं को पकड़ा। सभी पशुओं को सुरक्षित रूप से गौशालाओं में संरक्षित कराया गया है। नगर निगम के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में आवारा पशु छोड़ने वाले और अवैध रूप से चट्टा संचालन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब तक कुल 56.26 लाख रुपये का जुर्माना वसूल कर निगम कोष में जमा कराया जा चुका है। इस उपलब्धि के साथ प्रदेश के 17 नगर निगमों में कानपुर दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। अभियान के दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. निरंजन, पशु कल्याण अधिकारी डॉ. शिल्पा सिंह, राजस्व निरीक्षक दिनेश कुमार सहित प्रवर्तन दल के सदस्य मौके पर मौजूद रहे। कैटिल कैचिंग वाहन के साथ टीम ने पूरे अभियान को अंजाम दिया।




Post a Comment