दबौली वेस्ट में मूलभूत सुविधाओं को लेकर फूटा जनआक्रोश, पार्षद के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन
Today crime news
उत्तर प्रदेश कानपुर। गोविंदनगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड-72 स्थित दबौली वेस्ट में मूलभूत सुविधाओं की बदहाली से त्रस्त क्षेत्रवासियों ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने ढोल-मजीरा बजाकर तथा हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर वर्तमान पार्षद के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से सीवरेज व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। बारिश के दिनों में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। वहीं सड़कों की हालत भी बेहद जर्जर है, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
पूर्व पार्षद जेपी पाल के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि वर्तमान पार्षद गुंजन वंदना शर्मा केवल चुनाव के समय ही क्षेत्र में सक्रिय दिखाई देती हैं। लोगों का कहना है कि “वोट नहीं तो काम नहीं” जैसी नीति अपनाई जा रही है और चुनाव के बाद जनता की समस्याओं को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया जाता है।
पूर्व पार्षद जेपी पाल ने कहा कि क्षेत्रवासी वर्षों से बदहाल हालात में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। यदि शीघ्र ही सीवरेज, जलनिकासी और सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ, तो नगर निगम का घेराव कर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी जाएगी।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि पार्षद न तो उनकी शिकायतें सुनती हैं और न ही फोन उठाती हैं, जिससे जनता खुद को उपेक्षित महसूस कर रही है। महिलाओं ने बताया कि गंदगी और जलभराव के कारण बच्चों और बुजुर्गों को बीमारियों का खतरा बना रहता है।
प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान कराया जाए। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सुविधाएं दुरुस्त नहीं की गईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।




Post a Comment