घंटाघर से कोपरगंज तक जाम का जाल, कलेक्टरगंज रोड बनी अवैध मिनी बस अड्डा — किसकी शह पर चल रहा खेल?

घंटाघर से कोपरगंज तक जाम का जाल, कलेक्टरगंज रोड बनी अवैध मिनी बस अड्डा — किसकी शह पर चल रहा खेल?


Today crime news 

उत्तर प्रदेश कानपुर। शहर की सड़कों पर जाम अब आम बात हो गई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की नींद अब भी नहीं टूटी है। घंटाघर चौराहे पर प्रतिदिन लगने वाला भीषण जाम राहगीरों के लिए मुसीबत बन चुका है। हैरानी की बात यह है कि थाना स्तर पर यातायात पुलिस की मौजूदगी के बावजूद जाम की समस्या जस की तस बनी हुई है, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। घंटाघर से कोपरगंज की ओर कलेक्टरगंज थाना क्षेत्र स्थित रेलवे मॉल गोदाम के गेट नंबर-4 के बाहर सड़क पर खुलेआम अवैध मिनी बस अड्डा संचालित किया जा रहा है। यहां प्रतिदिन मिनी बसों की कतारें लगती हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और यातायात बाधित रहता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां प्रतिदिन लाखों रुपये के टैक्स की चोरी कर लोडिंग-अनलोडिंग का खेल खेला जा रहा है। सिर्फ सामान ही नहीं, बल्कि यात्रियों को भी अवैध रूप से उनके गंतव्य तक लाने-ले जाने का कार्य धड़ल्ले से जारी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि कलेक्टरगंज थाना क्षेत्र की मुख्य कोपरगंज रोड आखिर किसकी अनुमति से अवैध मिनी बस अड्डे में तब्दील हो गई? यह बस अड्डा कौन संचालित कर रहा है और किसके संरक्षण में यह खेल चल रहा है? सूत्रों की मानें तो कथित साठगांठ के चलते प्रतिदिन लाखों रुपये के टैक्स चोरी का खेल जारी है। 

यदि आरोपों में सच्चाई है तो यह न केवल राजस्व की क्षति है, बल्कि कानून व्यवस्था पर भी बड़ा प्रश्नचिन्ह है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में कब संज्ञान लेता है और क्या अवैध मिनी बस अड्डे पर कार्रवाई होती है, या फिर जाम और अवैध वसूली का यह सिलसिला यूं ही चलता रहेगा।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js