5000 एकड़ में बसेगा ग्रेटर कानपुर, तीन कंपनियों की तकनीकी बिड पास, जल्द खुलेगी फाइनेंशियल बिड
Today crime news
उत्तर प्रदेश कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) की महत्वाकांक्षी ‘ग्रेटर कानपुर’ योजना को अब रफ्तार मिल गई है। करीब 5000 एकड़ में प्रस्तावित इस मेगा टाउनशिप के लिए तीन कंसलटेंट कंपनियों की तकनीकी बिड का अध्ययन पूरा कर स्वीकृति के लिए भेज दिया गया है। अब जल्द ही फाइनेंशियल बिड खोलकर कार्यादेश जारी किए जाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री की शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत विकसित होने वाली यह परियोजना शहर के औद्योगिक और आवासीय विस्तार को नई दिशा देगी। केडीए नवी मुंबई की तर्ज पर कानपुर-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग के पास भीमसेन रेलवे स्टेशन और आउटर रिंग रोड के बीच इस योजना को विकसित करेगा।
ई-व्हीकल और मेडिसिटी बनेंगे विकास के इंजन
योजना क्षेत्र में रिंग रोड और रेलवे स्टेशन के आसपास ई-व्हीकल पार्क, मेडिसिटी पार्क और एमएसएमई पार्क विकसित किए जाएंगे। इससे जहां औद्योगिक निवेश बढ़ेगा, वहीं बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
आवासीय और व्यावसायिक सुविधाओं का होगा विस्तार
ग्रेटर कानपुर में आधुनिक आवासीय प्लॉट, मल्टीस्टोरी अपार्टमेंट, वेयरहाउस, मॉल, मल्टीप्लेक्स और व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स विकसित किए जाएंगे। ई-व्हीकल पार्क में इलेक्ट्रिक वाहन कंपनियों को जमीन आवंटित होगी, जबकि मेडिसिटी पार्क में दवा निर्माण इकाइयां स्थापित होंगी। एमएसएमई पार्क में लघु उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा।
तीन कंपनियों ने दाखिल किए टेंडर
योजना का लेआउट तैयार करने के लिए बीते 23 दिसंबर को आरएफपी जारी किया गया था। 30 जनवरी को तीन कंपनियों ने टेंडर डाले, जिनमें Idea Impression Market Research Private Limited, Tila Consultants और Redon Geometrics Private Limited शामिल हैं। केडीए सचिव अभय कुमार पांडेय ने बताया कि योजना के लिए सर्वे कार्य पूरा हो चुका है और जल्द ही फाइनेंशियल बिड खोलकर कार्यादेश जारी किया जाएगा।


Post a Comment