बरसात से पहले जूही खलवा पुल की जलभराव समस्या के समाधान की उम्मीद
Today crime news
उत्तर प्रदेश कानपुर। जूही खलवा पुल पर हर वर्ष बरसात के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या का समाधान अब जल्द होने की उम्मीद है। यहां जलनिकासी के लिए 45 एमएलडी क्षमता के नए स्टॉर्म वाटर पंप हाउस का निर्माण किया जाएगा। यह कार्य नगर निगम के स्थान पर जल निगम की कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस (C&DS) द्वारा कराया जाएगा। नगर निगम की ओर से योजना के लिए शासन से वित्तीय स्वीकृति मांगी गई थी। शासन ने स्पष्ट किया कि 10 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले कार्य सीएंडडीएस द्वारा ही कराए जाएंगे, इसलिए योजना की धनराशि उसी को आवंटित की जाएगी। जल निगम द्वारा इस परियोजना के लिए पहले 48.09 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया गया था, जिसकी आईआईटी कानपुर से वेटिंग कराई गई। वेटिंग के बाद परियोजना की लागत घटकर 43.02 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है।अधिकारियों के अनुसार, प्रयास है कि बरसात शुरू होने से पहले स्टॉर्म वाटर पंप हाउस का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए, ताकि जूही खलवा पुल क्षेत्र को जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिल सके। गौरतलब है कि खलवा पुल पर जलभराव के स्थायी समाधान के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर चार सदस्यीय समिति का गठन किया गया था। समिति ने विस्तृत सर्वेक्षण और डिजाइन अध्ययन के बाद यहां 45 एमएलडी क्षमता के नए स्टॉर्म वाटर पंप हाउस के निर्माण की संस्तुति की थी। इसके बाद नगर निगम के मुख्य अभियंता एसएफए जैदी ने जल निगम (ग्रामीण) से डीपीआर तैयार करने का अनुरोध किया था। जल निगम (ग्रामीण) ने जून 2024 में डीपीआर तैयार की, जिसे आईआईटी कानपुर से वेट कराकर अंतिम रूप दिया गया। इस परियोजना के पूरा होने से जूही खलवा पुल और आसपास के क्षेत्रों में बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।


Post a Comment