थूकने और खुले में पेशाब करने पर सख्ती, ₹500 जुर्माना और VMD स्क्रीन पर दिखेगी फोटो
Today crime news
बिहार पटना। अगर आप बिहार की राजधानी पटना में रहते हैं या यहां आते-जाते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। अब सड़क पर पान-गुटखा खाकर थूकना या सार्वजनिक स्थानों पर पेशाब करना सिर्फ असभ्यता नहीं, बल्कि महंगा अपराध साबित होगा। नीतीश सरकार और पटना नगर निगम ने शहर को साफ-सुथरा और रहने योग्य बनाने के लिए सख्त कदम उठाया है। पटना नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सड़क, फ्लाईओवर, चौराहा या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य पटना को स्वच्छता के मामले में सिंगापुर जैसे शहरों की श्रेणी में लाना है।
नगर आयुक्त सह पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक यशपाल मीणा के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। खुले में पान, गुटखा या तंबाकू खाकर थूकते पाए जाने पर मौके पर ही ₹500 का जुर्माना वसूला जाएगा। इतना ही नहीं, ऐसे व्यक्ति की तस्वीर शहर के प्रमुख चौराहों पर लगी वैरिएबल मैसेज डिस्प्ले (VMD) स्क्रीन पर प्रदर्शित की जाएगी। नगर निगम ने गंदगी फैलाने वालों को सख्त शब्दों में “नगर शत्रु” करार दिया है।
खुले में पेशाब करने वालों पर भी कार्रवाई
नगर निगम ने सार्वजनिक स्थानों पर पेशाब करने वालों के खिलाफ भी सख्त निर्देश जारी किए हैं। प्रवर्तन टीमों को आदेश दिया गया है कि ऐसे मामलों में बिना देरी जुर्माना लगाया जाए।अधिकारियों के मुताबिक, खुले में थूकने और पेशाब करने से शहर के कई इलाके रेड स्पॉट बन चुके हैं, जिससे न सिर्फ गंदगी बढ़ रही है बल्कि आम लोगों की सेहत भी खतरे में है।
3300 से अधिक CCTV कैमरों से निगरानी
इस पूरे अभियान की निगरानी पटना स्मार्ट सिटी के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) से की जा रही है। शहर के लगभग 415 स्थानों पर 3300 से अधिक CCTV कैमरे 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं। इन कैमरों के जरिए गंदगी फैलाने वालों की पहचान कर उनकी तस्वीरें VMD स्क्रीन पर चलाई जाएंगी।
सब-वे में 250 लोगों से वसूला गया जुर्माना
हाल ही में मल्टी मॉडल हब से पटना जंक्शन को जोड़ने वाली अंडरग्राउंड सब-वे में विशेष अभियान चलाया गया, जहां करीब 250 लोगों से जुर्माना वसूला गया। नगर निगम का कहना है कि आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा।
जनता से सहयोग की अपील
पटना नगर निगम ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर थूकता या गंदगी फैलाता नजर आए, तो टॉल-फ्री नंबर 155304 पर सूचना दी जा सकती है।
नगर निगम का स्पष्ट संदेश है—
पटना में अब गंदगी फैलाना महंगा पड़ेगा। जुर्माना, CCTV निगरानी और सार्वजनिक शर्मिंदगी—तीनों मिलकर आदतें बदलने का काम करेंगे। नियम मानिए, वरना “नगर शत्रु” की सूची में नाम दर्ज हो सकता है।


Post a Comment