एक साल की दुश्वारियों से जल्द मिलेगी मुक्ति, नवंबर में तैयार होगी बगिया क्रॉसिंग आवास विकास रोड

एक साल की दुश्वारियों से जल्द मिलेगी मुक्ति, नवंबर में तैयार होगी बगिया क्रॉसिंग आवास विकास रोड

एक साल से आवागमन की परेशानी झेल रहे लोगों को जल्द मिलेगी राहत, महापौर ने किया सीएम ग्रिड सड़क का निरीक्षण


(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। बगिया क्रॉसिंग से आवास विकास जाने वाले मार्ग पर करीब एक साल से आवागमन की परेशानी झेल रहे लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। सीएम ग्रिड योजना के तहत बन रही इस सड़क का करीब 70 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। नगर निगम अधिकारियों ने नवंबर 2026 तक सड़क को पूरी तरह तैयार करने का दावा किया है।

शुक्रवार को महापौर ने अधिशासी अभियंता जोन-6 आरके सिंह, जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता सुशील कुमार और पार्षदों के साथ निर्माणाधीन सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान पार्षद कौशल मिश्रा, आनंद शुक्ला, रामनारायण, सुनील कुमार और पूर्व पार्षद दिनेश पासवान मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महापौर को निर्माण कार्य की प्रगति से अवगत कराया। बताया गया कि सड़क का अधिकांश हिस्सा तैयार हो चुका है और मार्ग पर आवागमन भी शुरू हो गया है। शेष निर्माण कार्य नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।

गौरतलब है कि सड़क निर्माण के चलते लंबे समय से आवागमन प्रभावित होने के कारण आवास विकास, कल्याणपुर, बरासिरोही और नानकारी समेत आसपास के बड़े क्षेत्र की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लोगों को आने-जाने में दिक्कतों के साथ ही वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा था। अब निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंचने से लोगों को राहत की उम्मीद जगी है। हालांकि, सड़क की गुणवत्ता और तय समयसीमा में निर्माण पूरा होना अहम होगा। यदि नवंबर तक काम पूरा हो जाता है तो क्षेत्रीय लोगों को बेहतर सड़क और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js