पीईटी अभ्यर्थियों को रेलवे की सौगात, बलिया-कानपुर के बीच चलेगी परीक्षा स्पेशल ट्रेन
24 अक्टूबर से शुरू होंगे तीन फेरे, कानपुर से वापसी के लिए 25 अक्टूबर से मिलेगी सुविधा; 12 डिब्बों की होगी ट्रेन
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सहूलियत के लिए रेल प्रशासन ने बलिया और कानपुर सेंट्रल के बीच परीक्षा विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन के संचालन से परीक्षा देने के लिए कानपुर आने वाले अभ्यर्थियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। गाड़ी संख्या 05153 बलिया से 24, 29 और 31 अक्टूबर को चलेगी, जबकि गाड़ी संख्या 05154 कानपुर से 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को संचालित होगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन के तीन-तीन फेरे निर्धारित किए गए हैं।
रात में बलिया से चलेगी, सुबह पहुंचेगी कानपुर
रेलवे की समय-सारणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 05153 बलिया-कानपुर परीक्षा विशेष ट्रेन बलिया से रात 7:30 बजे रवाना होगी। यूसुफपुर, गाजीपुर सिटी, औड़िहार, वाराणसी सिटी, वाराणसी जंक्शन, बनारस, ज्ञानपुर रोड, प्रयागराज रामबाग, प्रयागराज जंक्शन, सिराथू और फतेहपुर होते हुए अगले दिन सुबह छह बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी।
कानपुर से दोपहर 12:55 बजे वापसी
वापसी में गाड़ी संख्या 05154 कानपुर-बलिया परीक्षा विशेष ट्रेन कानपुर सेंट्रल से दोपहर 12:55 बजे रवाना होगी। ट्रेन फतेहपुर, सिराथू, प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज रामबाग, ज्ञानपुर रोड, बनारस, वाराणसी जंक्शन, वाराणसी सिटी, औड़िहार, गाजीपुर सिटी और यूसुफपुर होते हुए अगले दिन रात 1:15 बजे बलिया पहुंचेगी।
12 डिब्बों की होगी परीक्षा विशेष ट्रेन
रेल प्रशासन के मुताबिक, परीक्षा विशेष ट्रेन में सामान्य श्रेणी के 10 और एसएलआर के दो डिब्बे समेत कुल 12 कोच लगाए जाएंगे। परीक्षा की निर्धारित तारीखों पर अभ्यर्थियों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है।


Post a Comment