दूसरे मामले की रिपोर्ट लगाकर शिकायत निस्तारित, जनसुनवाई पोर्टल पर उठे गंभीर सवाल
गोविंद नगर के सार्वजनिक पार्क में अतिक्रमण और अवैध निर्माण की शिकायत का मामला, व्यापारी नेता ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। व्यापारी नेता प्रकाश वीर आर्य ने आरोप लगाया है कि गोविंद नगर ब्लॉक-8 स्थित सार्वजनिक पार्क में अतिक्रमण, अवैध निर्माण और हाईकोर्ट के आदेश से संबंधित उनकी शिकायत पर जांच के बजाय किसी दूसरे प्रकरण की रिपोर्ट लगाकर निस्तारण कर दिया गया। प्रकाश वीर के मुताबिक उन्होंने 24 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री को स्पीड पोस्ट के माध्यम से शिकायत भेजी थी।
मुख्यमंत्री कार्यालय से प्रकरण जनसुनवाई पोर्टल पर भेजे जाने के बाद 25 अगस्त को शिकायत दर्ज हुई। पोर्टल पर दर्ज विवरण के अनुसार मुख्यमंत्री कार्यालय के विशेष सचिव नवनीत सिंह चहल ने शिकायत नगर विकास विभाग को भेजी, जहां से 27 अगस्त को इसे नगर आयुक्त, नगर निगम को भेजा गया। आरोप है कि नगर निगम के चीफ इंजीनियर स्तर से नौ सितंबर को लगाई गई रिपोर्ट उनकी मूल शिकायत से पूरी तरह अलग थी। रिपोर्ट में शिकायतकर्ता का नाम जितेंद्र कुमार और विषय जोन-5 के वार्ड-50, कालिंदी नगर स्थित पार्क की सफाई से संबंधित दर्ज है। जबकि प्रकाश वीर की शिकायत गोविंद नगर ब्लॉक-8 स्थित सार्वजनिक पार्क में कथित अतिक्रमण और अवैध निर्माण को लेकर थी।
मामले में शिकायतकर्ता ने सवाल उठाया है कि जब शिकायत एक पार्क से संबंधित थी तो निस्तारण के लिए दूसरे पार्क और दूसरे शिकायतकर्ता की रिपोर्ट कैसे लगा दी गई। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच कर शिकायत दर्ज करने से लेकर रिपोर्ट लगाने और निस्तारण तक की प्रक्रिया में शामिल अधिकारियों की भूमिका तय करने तथा दोषी पाए जाने वालों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।


Post a Comment