सड़क गड्ढों में मिले, नाला टूटा और सर्विस लेन कूड़े से पटी, नगर आयुक्त ने मौके पर कसी लगाम

सड़क गड्ढों में मिले, नाला टूटा और सर्विस लेन कूड़े से पटी, नगर आयुक्त ने मौके पर कसी लगाम

विजय नगर की 22 सर्विस लेन की सफाई के लिए 20 अतिरिक्त कर्मचारी लगाने के निर्देश, पनकी के जलभराव का बनेगा स्थायी समाधान


(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। शहर की बदहाल सड़कों, टूटे नालों और जलभराव की समस्या को लेकर नगर निगम ने अब मौके पर जाकर कार्रवाई तेज कर दी है। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बुधवार को जोन-5 और छह के वार्ड-57 व 33 समेत विजय नगर, पनकी, हैलट अस्पताल, जेके मंदिर, लाजपत नगर, मरियमपुर चौराहा, चैन फैक्ट्री चौराहा, सिंधी कॉलोनी चौराहा और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। विजय नगर में सड़क की बदहाली और टूटे नाले को देखकर उन्होंने संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

विजय नगर से डबल पुलिया तक सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील मिली। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सड़क लोक निर्माण विभाग के अधीन है। इस पर नगर आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को विजय नगर से नमक फैक्ट्री चौराहे तक सड़क निर्माण का काम जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। टूटे नाले से हजारों लोगों की जल निकासी प्रभावित विजय नगर कपड़ा मंडी के पीछे 215 से 218 ब्लॉक के बीच महत्वपूर्ण नाला टूटा मिला। क्षेत्रीय पार्षद ने बताया कि इसी नाले से पूरे इलाके का पानी रफाका नाले तक पहुंचता है। नगर आयुक्त ने तत्काल पत्रावली स्वीकृत कराकर निविदा प्रक्रिया पूरी करने और 15 दिन में निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। 22 सर्विस लेन, सफाई के लिए 20 अतिरिक्त कर्मचारी विजय नगर सब्जी मंडी चौराहे की सर्विस लेन कूड़े से पटी मिली। अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में करीब 22 सर्विस लेन हैं, जहां सीवर और पेयजल लाइनें भी गुजरती हैं। नगर आयुक्त ने इनकी सफाई के लिए 20 अतिरिक्त सफाई कर्मचारी उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि दो माह में सभी सर्विस लेन की सफाई कराई जा सके।

अतिक्रमण हटेगा, बदहाल सामुदायिक केंद्र का होगा कायाकल्प

विजय नगर में 10 नंबर प्लॉट के सामने फुटपाथ पर अतिक्रमण मिलने पर अभियान चलाकर उसे हटाने के निर्देश दिए गए। वहीं अंबेडकर नगर सामुदायिक केंद्र की हालत बेहद खराब मिलने पर नगर आयुक्त ने उसी दिन कार्ययोजना तैयार करने को कहा। केंद्र में आने वाले बच्चों के लिए पेयजल, प्रकाश, शौचालय और भवन की मरम्मत के साथ वाटर कूलर लगाने के निर्देश दिए गए। सामुदायिक शौचालय के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव स्वच्छ भारत मिशन के तहत तैयार करने को कहा गया।पनकी में चौड़ी होगी सड़क, केस्को से हटेंगे अड़ंगे

वार्ड-57 पनकी स्वराज नगर में एमआईजी तिराहा से पनकी बाजार मुख्य मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण का मुद्दा सामने आया। अधिकारियों ने बताया कि बिजली के खंभे और हाईटेंशन लाइनें चौड़ीकरण में बड़ी बाधा हैं। नगर आयुक्त ने केस्को से समन्वय कर खंभों व लाइनों को हटाने में आने वाले खर्च का आकलन और पूरी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

जलभराव के स्थायी समाधान की तैयारी

पनकी में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए एनडीएमए के तहत सर्वे कराया जा चुका है और डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। प्रस्ताव के अनुसार संपवेल और पाइपलाइन के जरिए पानी को पांडु नदी तक पहुंचाने की योजना है। नगर आयुक्त ने सर्वे रिपोर्ट के आधार पर जल्द आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्रवाई न होने की स्थिति में नगर निगम स्तर से दोबारा सर्वे कराकर समाधान की कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js