स्टेशन से ट्रेन तक स्वच्छता का अभियान, प्रयागराज मंडल में चला विशेष सफाई अभियान
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत मंगलवार को प्रयागराज मंडल के कानपुर समेत प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर ‘स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी एवं स्वच्छ पब्लिक’ थीम पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रेलवे परिसरों की सफाई के साथ यात्रियों और रेलकर्मियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, नालियों और शौचालयों की विशेष सफाई कराई गई। यात्रियों से गीले और सूखे कचरे के लिए निर्धारित डस्टबिन का इस्तेमाल करने तथा स्टेशन परिसर को प्लास्टिक मुक्त रखने की अपील की गई। रेलवे स्टेशनों पर संचालित दुकानों के संचालकों से भी स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मांगा गया। अभियान के तहत ट्रेनों की स्वच्छता व्यवस्था पर भी विशेष निगरानी रखी गई। अधिकारियों और पर्यवेक्षकों की टीमों ने चयनित ट्रेनों का निरीक्षण कर ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस (ओबीएचएस), शौचालयों, कोच के अंदर-बाहर की सफाई, लिनेन की गुणवत्ता और पैंट्री कार की स्वच्छता की जांच की।
(सेंट्रल स्टेशन पर सफाई करते हुए कर्मचारी)
निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए गए। रेलवे कार्यालयों में भी स्वच्छता को कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके तहत क्लीन डेस्क, प्रिंटिंग में कमी और डिजिटल दस्तावेजीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। रेलवे के मुताबिक अभियान का उद्देश्य केवल सफाई तक सीमित न रहकर स्टेशनों और ट्रेनों में स्थायी स्वच्छता व्यवस्था विकसित करना तथा यात्रियों की भागीदारी बढ़ाना है। रेलवे ने यात्रियों से कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालने और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।



Post a Comment