22.27 करोड़ की सीएम ग्रिड सड़क पर महापौर सख्त, आईआईटी कानपुर करेगा गुणवत्ता परीक्षण
25 सितंबर को खत्म हो रही थी निर्माण की समयसीमा, ठेकेदार ने मांगा दो माह का अतिरिक्त समय
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। शहर में सीएम ग्रिड योजना के तहत निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता को लेकर महापौर ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को जोन-4 के अंतर्गत थाना स्वरूप नगर से मटका तिराहा वाया ग्वालिन चौराहा तक करीब 22 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से बन रही सीएम ग्रिड व्हाइट टॉपिंग सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान निर्माण कार्य की प्रगति के साथ गुणवत्ता की भी जांच की गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से निर्माण कार्य की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली गई। अधिशासी अभियंता जोन-4 मीनाक्षी अग्रवाल ने बताया कि सड़क निर्माण की निर्धारित समयसीमा 25 सितंबर 2026 को समाप्त हो रही है। वहीं, कार्यदायी संस्था की ओर से निर्माण पूरा करने के लिए करीब दो माह का अतिरिक्त समय मांगा गया है। सड़क की गुणवत्ता को लेकर महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सड़क की गुणवत्ता की आईआईटी कानपुर से जांच कराने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण में इस्तेमाल सामग्री और कार्य की गुणवत्ता का तकनीकी परीक्षण कराया जा सके। महापौर ने निर्माणाधीन सड़क की लगातार पर्याप्त तराई कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण प्रक्रिया के दौरान निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए और गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न हो। निरीक्षण के दौरान भाजपा पार्षद दल के नेता नवीन पंडित, पार्षद धीरेन्द्र त्रिपाठी, गोविन्द मोहन शुक्ला, विवेक शर्मा सहित नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।



Post a Comment