सितंबर के अंत तक गड्ढामुक्त हों शहर की सड़कें, लापरवाही पर एफआईआर की चेतावनी

सितंबर के अंत तक गड्ढामुक्त हों शहर की सड़कें, लापरवाही पर एफआईआर की चेतावनी


(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। शहर की बदहाल सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों को लेकर मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने सड़क निर्माण और अनुरक्षण से जुड़े सभी विभागों को सितंबर के अंत तक नगर क्षेत्र की सड़कों को आवागमन के लिए सुगम बनाने का अल्टीमेटम दिया है। नगर निगम की 38 सड़कों पर चल रहे मरम्मत कार्य को एक सप्ताह में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। बारिश के कारण जहां फिलहाल डामरीकरण संभव नहीं है, वहां तत्काल पैचवर्क कर सड़कों को मोटरेबल रखने को कहा गया है।गुरुवार को आयुक्त शिविर कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने कहा कि बारिश से क्षतिग्रस्त और गड्ढायुक्त सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को अपनी-अपनी सड़कों का सर्वे कराने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि सितंबर समाप्त होने तक शहर की सड़कें खराब स्थिति में नजर नहीं आनी चाहिए।

38 सड़कों का काम एक सप्ताह में पूरा करने के निर्देश 

नगर निगम की ओर से बताया गया कि 38 सड़कों पर मरम्मत कार्य चल रहा है। मंडलायुक्त ने इन सभी कार्यों को एक सप्ताह में पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा निगम क्षेत्र की अन्य सड़कों का भी सर्वे कराकर जरूरत के अनुसार पैचवर्क कराने को कहा। लोक निर्माण विभाग ने 18 सड़कों को मरम्मत के लिए चिह्नित किया है। इनमें 13 सड़कें मोटरेबल हो चुकी हैं, जबकि पांच पर काम जारी है। मंडलायुक्त ने शेष पांच सड़कों का कार्य शीघ्र पूरा कराने के साथ जीटी रोड पर तत्काल पैचवर्क कराने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अधिकारियों ने बताया कि बारिश के चलते फिलहाल डामरीकरण नहीं किया जा रहा है। इस पर मंडलायुक्त ने साफ कहा कि मौसम अनुकूल होने तक सड़क पर आवागमन प्रभावित नहीं होना चाहिए। जहां जरूरत हो, वहां तत्काल पैचवर्क कर सड़क को चालू रखा जाए। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि सड़कों की बदहाली दूर करने में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिली तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजने के साथ जरूरत पड़ने पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। बैठक में नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js