आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोतरी से खुशी, नगर निगम मुख्यालय में बांटी मिठाई; सीएम योगी का जताया आभार
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि की घोषणा के बाद कानपुर में कर्मचारियों के बीच खुशी का माहौल है। बुधवार को चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी यूनियन, नगर निगम, विकास प्राधिकरण एवं जलकल कानपुर के पदाधिकारियों ने नगर निगम मुख्यालय में मिष्ठान वितरण कर खुशी मनाई। इस दौरान यूनियन पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताते हुए मानदेय वृद्धि को कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय बताया।
कार्यक्रम में यूनियन के संरक्षक किशन लाल सुदर्शन ने कहा कि आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोतरी की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी। कर्मचारियों की इस मांग को शासन तक पहुंचाने और सरकार का ध्यान इस मुद्दे की ओर आकर्षित करने में विधान परिषद सदस्य लालजी निर्मल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने लगातार कर्मचारियों की समस्याओं और मानदेय से जुड़े मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया।
मानदेय बढ़ा, लेकिन नियमितीकरण की मांग बरकरार
किशन लाल सुदर्शन ने कहा कि कानपुर में भी यूनियन ने समय-समय पर आंदोलन और विभिन्न माध्यमों से आउटसोर्सिंग एवं संविदा कर्मचारियों की समस्याओं को शासन तक पहुंचाया। मानदेय में वृद्धि की घोषणा से कर्मचारियों में उत्साह है, लेकिन उनकी सभी मांगें अभी पूरी नहीं हुई हैं।
उन्होंने कहा कि संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण, न्याय, अधिकार और सम्मान की मांग अब भी कायम है। यूनियन को उम्मीद है कि सरकार संविदा कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए भी ठोस निर्णय लेगी।
2027 को लेकर भी दिया राजनीतिक संदेश
कार्यक्रम के दौरान सुदर्शन ने कर्मचारियों से वर्ष 2027 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को तीसरी बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हित में सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णयों से उनमें सकारात्मक संदेश गया है।
भ्रष्टाचार पर बोले—दोषियों पर कार्रवाई हो, निर्दोष न परेशान हों
नगर निगम में भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर चल रही जांच और कार्रवाई पर भी यूनियन संरक्षक ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में जांच और कार्रवाई निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए। उनका स्पष्ट संदेश रहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, लेकिन निर्दोष कर्मचारियों या लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को किसी भी स्तर पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
बड़ी संख्या में कर्मचारी रहे मौजूद
मिष्ठान वितरण कार्यक्रम में जितेंद्र उर्फ बब्बल ठाकुर, धीरज वाल्मीकि, सुरेश गहरवार, राम प्रकाश, अनिल कुमार, जगदीश बख्शी, सुजीत कुमार, विमल कुमार, शिव बरन, रोमिक खोटे, रामकृष्ण भारती, भाऊ जी, शंकर लाल, हीरो समेत बड़ी संख्या में यूनियन पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


Post a Comment