रक्षाबंधन पर रेलवे ने बढ़ाई रेल सुविधा, कानपुर से दिल्ली के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

रक्षाबंधन पर रेलवे ने बढ़ाई रेल सुविधा, कानपुर से दिल्ली के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। रक्षाबंधन पर्व पर ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन शुरू करने का निर्णय लिया है। सूबेदारगंज से शकूरबस्ती के बीच चलने वाली ये विशेष ट्रेनें कानपुर सेंट्रल और गोविंदपुरी स्टेशन से होकर गुजरेंगी। इससे कानपुर समेत आसपास के जिलों के यात्रियों को दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र की ओर आवागमन में राहत मिलेगी।

रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 02275 सूबेदारगंज-शकूरबस्ती स्पेशल 25, 28 और 30 अगस्त को चलेगी। वापसी में 02276 शकूरबस्ती-सूबेदारगंज स्पेशल 26, 29 और 31 अगस्त को संचालित होगी। ट्रेन में सात एसी थर्ड, चार सामान्य, सात स्लीपर और दो पार्सल कोच लगाए जाएंगे।

इसी क्रम में 04147 सूबेदारगंज-शकूरबस्ती स्पेशल 26 अगस्त को तथा वापसी में 04148 शकूरबस्ती-सूबेदारगंज स्पेशल 27 अगस्त को चलेगी। इसमें छह थर्ड एसी, एक सेकंड एसी, पांच सामान्य, आठ स्लीपर और दो पार्सल कोच होंगे। वहीं 04164 शकूरबस्ती-सूबेदारगंज स्पेशल 28 अगस्त को एक फेरा लगाएगी। इसमें एसी फर्स्ट, एसी सेकंड, एसी थर्ड, एसी इकोनॉमी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे।

रात 10:50 बजे कानपुर पहुंचेगी ट्रेन

सूबेदारगंज से स्पेशल ट्रेन रात 8:10 बजे रवाना होकर रात 9:15 बजे फतेहपुर और 10:50 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। इसके बाद इटावा रात 12:55 बजे, टूंडला 2:20 बजे, अलीगढ़ 4:50 बजे और दिल्ली सुबह 8:15 बजे पहुंचेगी। ट्रेन का अंतिम पड़ाव शकूरबस्ती सुबह 10 बजे होगा।

वापसी में शकूरबस्ती से ट्रेन दोपहर 12 बजे रवाना होगी। दिल्ली 12:35 बजे, अलीगढ़ 2:10 बजे, टूंडला 3:40 बजे और इटावा शाम 4:38 बजे पहुंचेगी। कानपुर सेंट्रल शाम 6:45 बजे पहुंचने के बाद ट्रेन फतेहपुर 7:48 बजे और सूबेदारगंज रात 10:30 बजे पहुंचेगी। रक्षाबंधन पर यात्रियों की संभावित भीड़ के बीच इन ट्रेनों के संचालन से नियमित ट्रेनों पर दबाव कम होने और यात्रियों को अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होने की उम्मीद है।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js