छह महीने से सड़क बेहाल, गड्ढों में फंसी जनता की राह, आप ने सड़क पर किया प्रदर्शन

छह महीने से सड़क बेहाल, गड्ढों में फंसी जनता की राह, आप ने सड़क पर किया प्रदर्शन


(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। काकादेव में देवकी टाकीज चौराहे से गणेश मंदिर जाने वाली सड़क की बदहाली के खिलाफ रविवार को आम आदमी पार्टी के विधि प्रकोष्ठ ने मोर्चा खोल दिया। लंबे समय से जर्जर सड़क, जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और बदहाल सफाई व्यवस्था के विरोध में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग सड़क पर बैठ गए। हाथों में तख्तियां और तिरंगा लेकर प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और शासन-प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान जनता की एक ही पुकार कर दो हमारी सड़क का सुधार जैसे नारे गूंजते रहे।

कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि करीब छह महीने से सड़क की हालत खराब है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं करा सके हैं। सड़क की बदहाली के चलते स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं। बारिश के दौरान इनमें पानी भर जाने से गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में दोपहिया वाहन सवार आए दिन फिसलकर गिरने और चोटिल होने का खतरा झेलते हैं। कई बार चार पहिया वाहन भी गड्ढों में फंस जाते हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि लोगों को इस रास्ते से गुजरने से पहले कई बार सोचना पड़ता है।

प्रदर्शनकारियों ने सड़क के साथ सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि सड़क की बदहाली और गंदगी ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। अधिकारियों से तत्काल मौके का निरीक्षण कर सड़क की मरम्मत, गड्ढों को भरने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की गई। प्रदर्शन में आप के नगर प्रभारी आशुतोष सेंगर, नगर अध्यक्ष अनुज शुक्ला, विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट प्रखर श्रीवास्तव, सुधीर कुमार शर्मा और देवेश शुक्ला समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js