वेतन कटौती पर भड़के सफाई कर्मी, कानपुर सेंट्रल पर कामकाज ठप

वेतन कटौती पर भड़के सफाई कर्मी, कानपुर सेंट्रल पर कामकाज ठप

कैंट साइड में धरना देकर किया कार्य बहिष्कार, प्लेटफार्मों पर कूड़ा जमा होने से यात्रियों की बढ़ी परेशानी


(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को वेतन कटौती और अन्य मांगों को लेकर प्राइवेट सफाई कर्मियों का आक्रोश फूट पड़ा। कैंट साइड में बड़ी संख्या में सफाई कर्मियों ने धरना-प्रदर्शन कर कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और काम का बहिष्कार कर दिया। सफाई कर्मियों के अचानक काम बंद करने से स्टेशन की सफाई व्यवस्था चरमरा गई। प्लेटफार्मों पर नियमित सफाई और कूड़ा उठाने का काम प्रभावित होने से कई स्थानों पर गंदगी नजर आई और यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। सफाई कर्मियों का आरोप है कि प्राइवेट कंपनी की ओर से उनके वेतन में कटौती की जा रही है। 

उनका कहना है कि दिन-रात स्टेशन की सफाई व्यवस्था संभालने के बावजूद उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। वेतन में कटौती के साथ ही अन्य मांगों का भी समाधान नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती चली गई। मंगलवार को गुस्सा उस समय सड़क पर आ गया, जब कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से काम बंद कर धरना शुरू कर दिया। कार्य बहिष्कार के कारण स्टेशन के प्लेटफार्मों और अन्य हिस्सों में सफाई व्यवस्था प्रभावित रही। यात्रियों की आवाजाही वाले स्थानों पर कूड़ा जमा होने से रेलवे की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े हुए। सफाई कर्मियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि वेतन कटौती सहित उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। मामले की जानकारी मिलने पर रेलवे अधिकारियों ने सफाई कर्मियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

मुख्य प्रबंधक यातायात आकांशु गोविल ने बताया कि सफाई कर्मियों की बात सुनी गई है। उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। वेतन को लेकर उपजा विवाद अब सीधे स्टेशन की सफाई व्यवस्था तक पहुंच गया है। कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार ने रेलवे प्रशासन और संबंधित कंपनी के सामने व्यवस्था सुचारु रखने के साथ ही श्रमिकों की शिकायतों के समाधान की चुनौती खड़ी कर दी है।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js