नामित पार्षदों के पत्र भी अफसरों की फाइलों में दबे! महापौर की बैठक में खुली नगर निगम की कार्यप्रणाली की पोल

नामित पार्षदों के पत्र भी अफसरों की फाइलों में दबे! महापौर की बैठक में खुली नगर निगम की कार्यप्रणाली की पोल


(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। नगर निगम में जनसमस्याओं के समाधान को लेकर पार्षदों की शिकायतें अब अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने लगी हैं। सोमवार को मोतीझील स्थित नगर निगम मुख्यालय के समिति कक्ष में महापौर की अध्यक्षता में शासन द्वारा मनोनीत पार्षदों की बैठक हुई तो अफसरों के सामने ही पार्षदों ने अपने पत्रों पर कार्रवाई न होने का मुद्दा उठाया। पार्षदों ने साफ कहा कि जब उनके द्वारा दिए गए पत्रों पर ही सुनवाई नहीं हो रही तो जनता की समस्याओं के समाधान की उम्मीद कैसे की जाए। बैठक में नामित पार्षद सरदार नीतू सिंह ने वार्ड-14 सब्जी मंडी, किदवई नगर क्षेत्र की गंभीर यातायात समस्या को उठाया। उन्होंने बताया कि बारादेवी चौराहे से ट्रांसपोर्ट नगर तक प्रतिदिन लाखों लोगों और वाहनों का आवागमन होता है, लेकिन रास्ता बेहद संकरा होने के कारण यहां लगातार परेशानी बनी रहती है।

 उन्होंने इस समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की बैठक में अन्य नामित पार्षदों ने भी अधिकारियों के सामने नाराजगी जताते हुए कहा कि उनके द्वारा नगर निगम को भेजे गए पत्रों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। पार्षदों की शिकायत पर महापौर के निर्देश पर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने संबंधित अधिकारियों को पार्षदों के पत्र दिखवाकर उन पर कार्रवाई सुनिश्चित कराने की बात कही।महापौर ने पार्षदों को आश्वस्त किया कि सोमवार की बैठक मुख्य रूप से अधिकारियों और नामित पार्षदों के बीच परिचय एवं समन्वय स्थापित करने के लिए बुलाई गई थी। उन्होंने कहा कि नामित पार्षदों की ओर से अग्रसारित जनसमस्याओं से जुड़े पत्रों को भी गंभीरता से लिया जाएगा और उनके आधार पर आवश्यक कार्य कराए जाएंगे। बैठक में अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार, जगदीश यादव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय संख्वार, मुख्य अभियंता सिविल सैय्यद फरीद अख्तर जैदी, महाप्रबंधक जलकल आनंद कुमार त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता मार्ग प्रकाश राजेश कुमार, प्रभारी मार्ग प्रकाश रमेश पाल समेत नामित पार्षद विजय कुमार सिंह, रमेश चंद्र हटी, दिनेश बाबा, सुभाष गौड़, राजेश श्रीवास्तव, आदित्य शुक्ला, निधि बाजपेयी और कमला साहू आदि मौजूद रहे।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js