सफाई के टेंडरों पर नगर निगम में सख्ती, महापौर बोलीं कार्यकारिणी से बिना मंजूरी नहीं होगा कोई फैसला
उपसभापति बने अभिनव शुक्ला, हर वार्ड में क्रियाघर बनाने का फैसला
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक बुधवार को समिति कक्ष में महापौर प्रमिला पांडेय की अध्यक्षता में कई अहम फैसलों और तीखी नसीहतों के बीच संपन्न हुई। शहर की डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था को लेकर अधिकारियों की कार्यशैली पर महापौर ने कड़ा रुख अपनाते हुए बिना कार्यकारिणी की जानकारी एवं स्वीकृति के जारी की गई निविदाओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसे टेंडरों को निरस्त कराने की कार्रवाई की जाए और भविष्य में सफाई व्यवस्था से जुड़े किसी भी प्रस्ताव को पहले कार्यकारिणी के समक्ष प्रस्तुत किया जाए। बैठक की शुरुआत दिवंगत पार्षद यशपाल सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित कर हुई। महापौर प्रमिला पांडेय, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, पार्षदों और अधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। बैठक में उपसभापति पद के चुनाव में पार्षद अभिनव शुक्ला को सर्वसम्मति से उपसभापति निर्वाचित किया गया। इसके अलावा शहर के प्रत्येक वार्ड में क्रियाघर श्मशान भवन निर्माण कराने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। जिन वार्डों में पहले से क्रियाघर बने हैं, वहां उनकी मरम्मत, नियमित साफ-सफाई और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी। कार्यकारिणी की बैठक में अभियंत्रण, मार्ग प्रकाश, उद्यान, जलकल तथा अन्य विभागों द्वारा बीते एक वर्ष में कराए गए विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। महापौर ने विकास योजनाओं में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम की प्रत्येक योजना जनता के हित और कार्यकारिणी की स्वीकृति के अनुरूप संचालित होनी चाहिए। हालांकि बैठक में पांच से छह प्रस्तावों को मंजूरी दे दी गई, लेकिन डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की नई निविदा से संबंधित बजट शीट और कमेंट शीट प्रस्तुत न किए जाने के कारण इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर निर्णय नहीं लिया जा सका। आवश्यक अभिलेख उपलब्ध न होने पर महापौर ने कार्यकारिणी की बैठक गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी दस्तावेज प्रस्तुत होने के बाद ही इस प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।



Post a Comment