जहर बनी जलापूर्ति एक साल से काला पानी पी रहे 10 हजार लोग, सड़क पर उतरीं महिलाएं

जहर बनी जलापूर्ति एक साल से काला पानी पी रहे 10 हजार लोग, सड़क पर उतरीं महिलाएं


(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। जूही क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था की बदहाली अब सिर्फ शिकायतों और अधिकारियों के दफ्तरों तक सीमित नहीं रही। एक साल से काले और दुर्गंधयुक्त पानी की आपूर्ति से परेशान लोगों का गुस्सा सोमवार को सड़क पर फूट पड़ा। वार्ड-14 किदवई नगर सब्जी मंडी की पार्षद शालू सुनील कनौजिया महिलाओं और स्थानीय लोगों के साथ जूही बारा देवी चौराहे पर पहुंचीं और गंदे पानी से भरे गड्ढे में उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान जल निगम और नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई।

पानी नहीं, बीमारी बांट रहा सिस्टम

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने बोतलों में भरा काला और गंदा पानी दिखाकर अपनी नाराजगी जाहिर की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस पानी को पीने योग्य बनाकर घरों तक पहुंचना चाहिए, वही पानी बदबू और गंदगी के साथ लोगों के घरों में पहुंच रहा है। मजबूरी में यही पानी घरेलू कामों के लिए इस्तेमाल करना पड़ रहा है।


पार्षद शालू सुनील कनौजिया के मुताबिक, जूही क्षेत्र के करीब 15 मोहल्लों की लगभग 10 हजार आबादी पिछले एक साल से दूषित जलापूर्ति की मार झेल रही है। कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।

15 मोहल्ले प्रभावित, शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार बेखबर

दूषित जलापूर्ति से प्रभावित क्षेत्रों में संत रविदास नगर, बाथम का अड्डा, राखी मंडी, विनोबा नगर, बारा देवी, लक्ष्मणपुरवा समेत आसपास के लगभग डेढ़ दर्जन मोहल्ले बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी कभी काला तो कभी बदबूदार आता है। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और अन्य लोगों के स्वास्थ्य को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है।

सवाल यह है कि जब एक साल से हजारों लोग दूषित पानी की शिकायत कर रहे हैं तो जिम्मेदार विभागों ने अब तक स्थायी समाधान क्यों नहीं निकाला? क्या किसी बड़े स्वास्थ्य संकट का इंतजार किया जा रहा है?

गड्ढे में उतरकर पार्षद ने जताया विरोध

पार्षद शालू कनौजिया ने गंदे पानी से भरे गड्ढे में उतरकर विरोध जताते हुए साफ कर दिया कि अब क्षेत्र की जनता केवल आश्वासन से संतुष्ट होने वाली नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि लापरवाही के चलते लोगों को स्वच्छ पेयजल के अधिकार से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो क्षेत्रवासी जल निगम कार्यालय का घेराव करेंगे और आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js